ओलंपिक पदक विजेता ललित कुमार उपाध्याय ने इंटरनेशनल हॉकी से लिया संन्यास
Hockey player Lalit Kumar Upadhyay announces retirement: भारतीय हॉकी टीम के दो बार के ओलंपिक पदक विजेता ललित कुमार उपाध्याय ने रविवार को अंतरराष्ट्रीय हॉकी से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया है। हालांकि घरेलू और लीग मैच खेलते रहेंगे। एक दशक से अधिक के करियर में ललित कुमार उपाध्याय ने कई उपलब्धियां हासिल कीं, जिनमें दो ओलंपिक कांस्य पदक जीतना भी शामिल है। ललित यूपी पुलिस में डिप्टी एसपी भी हैं।
हाल ही में, अपने करियर में कुछ यादगार गोल करने वाले ललित कुमार उपाध्याय को अपने करियर में काफी संघर्ष करना पड़ा। अब युवा फॉरवर्ड खिलाड़ियों के आने के बाद उन्होंने संन्यास लेने का फैसला किया। वाराणसी से ताल्लुक रखने वाले अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित ललित ने रविवार को अपने सोशल मीडिया अकाउंट X पर ये घोषणा करते हुए पोस्ट शेयर की।

ललित कुमार उपाध्याय ने लिखा "यह यात्रा एक छोटे से गांव से शुरू हुई, जहां संसाधन सीमित थे, लेकिन सपने असीम थे। एक स्टिंग ऑपरेशन का सामना करने से लेकर ओलंपिक पोडियम पर दो बार खड़े होने तक, यह चुनौतियों, विकास और अविस्मरणीय गौरव से भरा रहा। अपने शहर से 26 साल बाद ओलंपियन बनना एक ऐसी बात है जिसे मैं हमेशा सम्मान और कृतज्ञता के साथ याद रखूंगा।"
अंतरराष्ट्रीय हॉकी में 183 मैच खेले और 67 गोल किए
ललित ने प्रो लीग सीजन 2024-25 के समापन के लिए यूरोप में भारत द्वारा खेले गए आठ मैचों में से चार में भाग लिया। उन्होंने अपना आखिरी मैच 15 जून को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला था। उन्होंने भारत के लिए सीनियर अंतरराष्ट्रीय हॉकी में 183 मैच खेले और 67 गोल किए।
2008 में ललित कुमार के करियर को लगा था ये बड़ा झटका
वाराणसी के प्रतिभाशाली खिलाड़ी, जो अपने डॉजिंग कौशल और क्रिएटिव स्टिक-वर्क के लिए जाने जाते हैं, इनका करियर लगभग शुरू होने से पहले ही खत्म हो गया था। जब 2008 में, उन्हें एक टीवी स्टिंग ऑपरेशन में चारा के रूप में इस्तेमाल किया गया था, जिसके कारण तत्कालीन IHF को भंग कर दिया गया था, और इससे उपाध्याय की प्रतिष्ठा भी धूमिल हो गई क्योंकि उन्हें राष्ट्रीय प्रोग्राम से बाहर कर दिया गया था।
ललित कुमार ने हार नहीं मानी
इस झटके के बाद पहले ललित ने 17 साल की उम्र में ही हॉकी छोड़ने पर विचार किया, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और अंततः उन्हें सफलता मिली। 2010 में धनराज पिल्ले ने उन्हें एयर इंडिया के साथ एक अनुबंध दिलाया। चार साल बाद, भारत के पूर्व कप्तान तुषार खांडेकर ने उन्हें बीपीसीएल में नौकरी दिलाने में मदद की और उसी समय के आसपास ललित को हॉकी इंडिया लीग में कलिंगा लांसर्स के लिए भी चुना गया।
युवा फॉरवर्ड अभिषेक ने लिखी ये पोस्ट
युवा फॉरवर्ड अभिषेक ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया, "आपकी यात्रा प्रेरणादायक रही है, खेल के प्रति आपका समर्पण, जुनून और विनम्रता हमेशा याद रखी जाएगी। आपने एक ऐसी विरासत छोड़ी है जो अगली पीढ़ी का मार्गदर्शन और प्रेरित करती रहेगी।"












Click it and Unblock the Notifications