क्या है SAFF चैम्पियनशिप, जिसमें भारतीय फुटबॉल टीम के सामने नतमस्तक हो जाते हैं टूर्नामेंट के बाकी देश
भारत में फुटबॉल का वो टूर्नामेंट (SAFF Championship) चल रहा है जिसमें बाकी टीमों के सामने सुनील छेत्री की टीम को पछाड़ने की चुनौती है। भारत इस बार मेजबान है और प्रतियोगिता बेंगलुरु के श्री कांतिरवा स्टेडियम में खेली जानी है।
भारतीय टीम ने टूर्नामेंट की शुरुआत धमाकेदार तरीके से करते हुए पाकिस्तान को 4-0 से हरा दिया जिसमें कप्तान सुनील छेत्री ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हैट्रिक लगाई है।

दक्षिण एशिया का फुटबॉल टूर्नामेंट-
SAFF चैम्पिनयशिप को साउथ एशिया फुटबॉल फेडरेशन चैम्पियनशिप के तौर पर भी जाना जाता है। SAFF में साउथ एशिया से भारत के अलावा बांग्लादेश, पाकिस्तान, नेपाल, श्रीलंका, भूटान, मालदीव जैसे देश शामिल हैं। ये सभी सात टीमें टूर्नामेंट को खेलने के लिए योग्य हैं।
टूर्नामेंट का इतिहास-
इस प्रतियोगिता की शुरुआत 1993 में लाहौर में हुई थी, जब इसको SAARC गोल्ड कप के नाम से जाना जाता था। तब से लेकर हर दो साल में यह टूर्नामेंट होता है। मौजूदा टूर्नामेंट इस प्रतियोगिता का 14वां संस्करण हैं, जहां भारतीय फुटबॉल टीम यहां पर एक ताकत के तौर पर खेलती है जिसने 8 बार ये प्रतियोगिता अपने नाम की है।
भारतीय फुटबॉल टीम एक ताकत के तौर पर खेलती है-
फुटबॉल इंडिया इस समय डिफेंडिंग चैम्पियन भी है जिन्होंने 2021 में नेपाल को हराकर कप जीता था। मालदीप ने दो बार ये कप जीता है, बांग्लादेश ने 1 बार और श्रीलंका ने भी एक बार टूर्नामेंट जीता है। भारतीय फुटबॉल टीम ने ये टूर्नामेंट 1993, 97, 1999, 2005, 2009, 2011, 2015 और 2021 में जीता है।
SAFF चैंपियनशिप में सबसे ज्यादा गोल करने का रिकॉर्ड मालदीव के अली अशफक के नाम हैं जिन्होंने 23 गोल किए हैं। भारत के सुनील छेत्री 21 गोल दाग चुके हैं। सुनील टूर्नामेंट में अब सबसे ज्यादा गोल करने वाले फुटबॉलर साबित होने जा रहे हैं, उन्होंने 2023 की चैम्पियनशिप में पाकिस्तान के खिलाफ पहले ही मुकाबले में तीन गोल दागे थे और टूर्नामेंट में आगे भी गोल करेंगे।
लेबनान और कुवैत हैं इस बार मेहमान टीम
दिलचस्प बात यह है कि SAFF का हिस्सा नहीं होने के बावजूद इस बार लेबनान और कुवैत को मेहमान टीम के तौर पर बुलाया गया है। असल में श्रीलंका को फिलहाल फीफा ने बैन किया हुआ है जिसके चलते टीमों की संख्या बढ़ाने के लिए तहत ये फैसला किया है। अब टीमों की संख्या 8 हो चुकी है जो दो ग्रुप में खेल रही हैं।
ग्रुप ए में है भारत-
भारत को ग्रुप ए में रखा गया है जहां पाकिस्तान, कुवैत और नेपाल की टीम होंगी। ग्रुप बी में लेबनान, मालदीव, भूटान और बांग्लादेश की टीमें शामिल हैं। इस टूर्नामेंट की नॉकआउट स्टेज 1 जुलाई से सेमीफाइनल मुकाबलों के जरिए शुरू होगी। फाइनल मैच 4 जुलाई को खेला जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications