Asian Games: एशियाई खेलों के लिए भारतीय फुटबॉल टीम का ऐलान, सुनील छेत्री समेत इन दो दिग्गजों का भी नाम
Asian Games 2023: भारत ने चीन के हांगझोऊ (Hangzhou) में खेले जाने वाले एशियाई खेलों के लिए अपनी पुरुष फुटबॉल टीम की घोषणा कर दी है। सीनियर पुरुष टीम के मुख्य कोच इगोर स्टिमैक ने 1 अगस्त को 19वें एशियाई खेलों के लिए 22 सदस्यीय टीम की घोषणा की है, जोकि 19 सितंबर से 7 अक्टूबर, 2023 तक आयोजित किया जाएगा।
22 सदस्यीय फुटबॉल टीम का ऐलान
करिश्माई खिलाड़ी सुनील छेत्री (Sunil Chhetri), सीनियर डिफेंडर संदेश झिंगन (Sandesh Jhingan) और सीनियर गोलकीपर गुरप्रीत सिंह संधू (Gurpreet Singh Sandhu) को मंगलवार को एशियाई खेलों के लिए भारत की 22 सदस्यीय फुटबॉल टीम में शामिल किया गया। एशियाई खेलों में टीम राष्ट्रीय टीम के मुख्य केच इगोर स्टिमक (Igor Stimac) के मार्गदर्शन में खेलेगी।

हांगझोउ खेलों में भारतीय पुरुष और महिला फुटबॉल टीम की भागीदारी पहले संदेह में थी, क्योंकि खेल मंत्रालय ने पात्रता तय की थी कि महाद्वीप में शीर्ष आठ में शामिल टीम को ही खेलों के लिए भेजा जाएगा। एआईएफएफ की अपील के बाद हालांकि मंत्रालय ने बाद में पात्रता नियमों में ढील देखकर दोनों टीम को स्वीकृति दे दी। मुख्य कोच इगोर स्टिमक ने भी इस मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हस्तक्षेप की मांग की थी।
एशियाई खेलों में फुटबॉल प्रतियोगिता में अंडर-23 खिलाड़ी हिस्सा लेते हैं, लेकिन खेलों के आयोजन में एक साल के विलंब के कारण आयोजन ने 24 साल के खिलाड़ियों को भी खेलने की स्वीकृति दी है। इसमें हिस्सा लेने के लिए कट ऑफ जन्म तिथि एक जनवरी 1999 तय की गई है। राष्ट्रीय फुटबॉल टीम 2018 में जकार्ता खेलों से बाहर रहने के बाद एशियाई खेलों में वापसी कर रही है।
कुल 23 टीमें लेंगी हिस्सा
भारत की पुरुष टीम को ग्रुप ए में मेजबान चीन पीआर, बांग्लादेश और म्यांमार के साथ रखा गया है। कुल 23 टीमें हैं, जिन्हें छह समूहों में विभाजित किया गया है। ग्रुप ए, बी, सी, ई और एफ में प्रत्येक में चार टीमें हैं, जबकि ग्रुप डी में तीन टीमें हैं।
टीम इस प्रकार है
- गोलकीपर: गुरप्रीत सिंह संधू, गुरमीत सिंह, धीरज सिंह मोइरंगथेम।
- डिफेंडर: संदेश झिंगन, अनवर अली, नरेंद्र गहलोत, लालचुंगनुंगा, आकाश मिश्रा, रोशन सिंह, आशीष राय।
- मिडफील्डर: जेकसन सिंह थौनाओजम, सुरेश सिंह वांगजैम, अपुइया राल्टे, अमरजीत सिंह कियाम, राहुल केपी, नाओरेम महेश सिंह।
- फारवर्ड: शिव शक्ति नारायणन, रहीम अली, सुनील छेत्री, अनिकेत जाधव, विक्रम प्रताप सिंह, रोहित दानू।












Click it and Unblock the Notifications