ISL 2022-23: ओग्बेचे की हैट्रिक के चलते हैदराबाद एफसी टॉप पर पहुंचा, गोवा को दी 3-1 से मात
Indian Super League: इस शानदार जीत के बाद डिफेंडिंग चैम्पियन फिर से अंक तालिका में फिर से शीर्ष पर पहुंच गए हैं जबकि गोवा की टीम पांचवें स्थान पर बनी हुई है।

गोवा, 5 जनवरी: हैदराबाद एफसी ने गुरुवार को हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) 2022-23 के मैचवीक 14 मुकाबले में गोवा के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में मेजबान एफसी गोवा को 3-1 से हरा दिया। हैदराबाद एफसी की जीत में नाइजीरियाई स्टार स्ट्राइकर बार्थोलोम्यू ओग्बेचे 20वें, 79वें और 90वें मिनट में गोल करके हैट्रिक पूरी की।
आज की जीत के बाद मुख्य कोच हेड कोच मैनोलो मार्कुएज के मौजूदा चैम्पियन फिर से अंक तालिका में फिर से शीर्ष पर पहुंच गए हैं। हैदराबाद एफसी के 13 मैचों में दस जीत, एक ड्रा और दो हार से 31 अंक हो गए हैं। वहीं, अपने घरेलू मैदान पर दूसरी हार के बाद मुख्य कोच कार्लोस पेना के गौर्स पांचवें स्थान पर बने हुए हैं। एफसी गोवा के 13 मैचों में छह जीत, एक ड्रा और छह हार से 19 अंक हैं।
मैच का पहला गोल 20वें मिनट में आया, जब बार्थोलोम्यू ओग्बेचे के हेडर ने हैदराबाद एफसी को शुरुआती बढ़त दिलाते हुए स्कोर 1-0 कर दिया। बाएं फ्लैंक पर अटैकिंग थर्ड से हालिचरण नार्जरी ने बॉक्स के अंदर छह गज के खतरनाक एरिया में गेंद डाली और इसे नाइजीरियाई स्ट्राइकर ने बेहतरीन हेडर लगाकर गोलजाल में उलझा दिया जबकि एफसी गोवा के गोलकीपर धीरज मोइरांगथेम के पास बचाव का कोई अवसर नहीं था। गोल के बाद ओग्बेचे ने एक हाथ से आसमान की ओर और दूसरे से कान के पास फोन करने का इशारा करते हुए कुछ इस तरह जश्न मनाया जैसे वो दिवंगत महान फुटबॉलर पेले को कह रहे हो, कि यह आपको समर्पित है।
54वें मिनट में राइट विंगर रिडीम तलैंग ने गोल करके एफसी गोवा को 1-1 की बराबरी दिला दी। मोरोक्कन फॉरवर्ड नूह वेल सदाउई ने बायीं तरफ से क्रॉस बॉक्स के अंदर डाला, जिस पर रिडीम आगे की तरफ स्लाइड करते हुए दाहिने पैर से गेंद को गोल पोस्ट अंदर पहुंचा दिया जबकि हैदराबाद एफसी के गोलकीपर गुरमीत सिंह बचाव करने में नाकाम रहे।
79वें मिनट में बार्थोलोम्यू ओग्बेचे ने अपना दूसरा गोल करके हैदराबाद को फिर से बढ़त पर लाते हुए स्कोर 2-1 कर दिया। दाहिने फ्लैंक से बने हमले में क्रॉस पर हावी सिवेरिओ कनेक्शन बनाने से चूक गए लेकिन गेंद रोहित दानु के पास पहुंची और उनके शॉट को गोलकीपर धीरज ब्लाक कर गए। फिर अब्दुल अंजुकंदन रबिह का शॉट भी ब्लाक हुआ और इसके बाद मिली गेंद को एकदम करीब से ओग्बेचे ने गोल लाइन के पार भेज दिया।
90वें मिनट में बार्थोलोम्यू ओग्बेचे ने अपना तीसरा गोल करके हैट्रिक पूरी की और स्कोर 3-1 करके हैदराबाद एफसी की जीत तय कर दी। अब्दुल अंजुकंदन रबिह बायीं तरफ बॉक्स के अदंर से क्रॉस डाला, जिसे ओग्बेचे ने हेडर करके गोलजाल तक पहुंचा दिया। यह हीरो आईएसएल इतिहास में टॉप स्कोरर ओग्बेचे का इस सीजन का छठा और कुल 59वां गोल है।
पहले हाफ में दोनों टीमों के बीच अंतर ओग्बेचे का गोल रहा। क्योंकि पूरे हाफ में मेजबान टीम गोवा ने ज्यादा बेहतर खेल दिखाया लेकिन बाजी मारी हैदराबाद एफसी ने। गौर्स ने गेंद पर 68 फीसदी नियंत्रण रखा और साथ शॉट भी लगाए लेकिन कोई भी टारगेट पर नहीं था। वहीं, हैदराबाद की ओर से तीन शॉट लगाए गए और उनमें से दो टारगेट पर थे।
यह दोनों टीमों के बीच हीरो आईएसएल में आठवां मुकाबला था और आज हैदराबाद एफसी ने तीसरी जीत हासिल की जबकि एफसी गोवा ने तीन मैच जीते हैं। दोनों के बीच दो मैच ड्रा रहे हैं। आज के परिणाम के बाद इस सीजन में दोनों टीमों के बीच मुकाबलों में पलड़ा हैदराबाद के पक्ष में रहा। क्योंकि अक्टूबर में जब दोनों टीमें मिली थी, तो हैदराबाद एफसी को हावी सिवरिओ का गोल 13वें मिनट में मिला और फिर 1-0 की बढ़त बनाए रखी।
Recommended Video













Click it and Unblock the Notifications