Intercontinental Cup 2023: भारतीय टीम बन गई चैम्पियन, फाइनल में लेबनान को 2-0 से हराया
Intercontinental Cup 2023 Final: भारतीय फुटबॉल टीम ने इंटरकॉन्टिनेंटल कप के फाइनल में जीत दर्ज करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया। सुनील छेत्री की कप्तानी में भारतीय टीम ने लेबनान को 2-0 से हराते हुए जीत दर्ज कर ली। कप्तान छेत्री ने आगे से लीड करते हुए इस मैच में एक गोल भी दागा। मुकाबला भुवनेश्वर में खेला गया।
पहले हाफ तक दोनों ही टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला लेकिन दूसरे हाफ में भारतीय टीम का धमाका देखने को मिला। लेबनान की रक्षा पंक्ति को कुछ समझने का मौका नहीं मिला और भारत की तरफ से दो गोल दागे गये। यह बढ़त अंत तक बनी रही और टीम इंडिया ने ख़िताब जीत लिया।

भारत के लिए पहला गोल कप्तान छेत्री की तरफ से आया। उन्होंने दूसरे हाफ में आते ही 46वें मिनट में विपक्षी गोलकीपर को छकाते हुए गोल दाग दिया। छेत्री ने छांगटे के पास पर यह गोल किया। इस तरह टीम इंडिया ने दूसरे हाफ में आते ही बढ़त हासिल कर ली।
दूसरा गोल नाटकीय अंदाज में हुआ। तीन खिलाड़ियों के प्रयासों से सफलता मिली। 65वें मिनट में छेत्री ने महेश को पास दिया लेकिन गोलकीपर ने उनका शॉट रोक दिया। इस बीच वहां खड़े छांगटे ने अपने किक का जादू दिखाया और इस बार गोलकीपर के पास कोई मौका नहीं बचा। यहाँ से भारत की बढ़त दोगुना हो गई।
दो गोल दागने के बाद भारतीय टीम की तरफ से कोई गलती नहीं हुई। भारतीय टीम ने इस बढ़त को बरकरार रखने का उद्देश्य रखा और टीम ने अंत तक ऐसा किया। इस तरह टीम इंडिया ने लेबनान को 2-0 से फाइनल में हराकर कप उठा लिया।












Click it and Unblock the Notifications