ISL 2022-23: केरला ब्लास्टर्स के सामने एटीके मोहन बागान से पहली बार जीतने की चुनौती
कोच्चि, 15 अक्टूबर: केरला ब्लास्टर्स एफसी बंगाल की लगातार दूसरी चुनौती के लिए तैयार है, जब वो कोच्चि में जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में शनिवार को हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) 2022-23 में एटीके मोहन बागान की मेजबानी करेगा। केरला ब्लास्टर्स ने नए सीजन के पहले दिन ईस्ट बंगाल को बहुत आसानी से हराया था जबकि मेरिनर्स मैच के अंतिम समय में गोल खाकर चेन्नइयन एफसी के हाथों मुकाबला गंवा बैठे थे और इस सीजन में तालिका में खाता खोलने की कोशिश करेंगे।

कोच्चि में अपने प्रशंसकों के सामने और खचाखच भरे स्टेडियम में सीजन की मनमाफिक शुरुआत करने के बाद केरला ब्लास्टर्स जीत की लय को बनाए रखने और हीरो आईएसएल में एटीके मोहन बागान को पहली बार हराने की कोशिश करेगा। मेरिनर्स हीरो आईएसएल की एकमात्र टीम रही है जिसके खिलाफ टस्कर्स अपनी सभी चारों प्रयासों में जीत हासिल करने में विफल रहे हैं।
ब्लास्टर्स एड्रियन लुना की उस लय को देखकर खुश होंगे, जहां से पिछली बार उन्होंने छोड़ा था। उरुग्वे के मिडफील्डर ने बेहतरीन वॉली लगाकर इस सीजन का पहला हीरो आईएसएल गोल किया था। टस्कर्स की आक्रामक मानसिकता स्पष्ट थी क्योंकि उनके किसी भी खिलाड़ी ने लुना (71) की तुलना में गेंद पर अधिक टच नहीं लिया था।
सब्स्टीट्यूट खिलाड़ियों ने भी ब्लास्टर्स की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मैदान में बतौर स्थानापन्न अपनी शुरुआत करने के दो मिनट बाद बिद्यासागर खांगेम्बम और यूक्रेन के इवान कालिइझयी की जोड़ी ने उस शाम को टस्कर का दूसरा गोल किया। आठ मिनट बाद, अपने दूसरे शॉट के साथ, कालिइझयी ने फिर से गोल किया।
यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या यह प्रदर्शन यूक्रेनी मिडफील्डर को पहली बार स्टार्टिंग इलेवन में जगह देता है या क्या मुख्य कोच इवान वुकोमानोविक उसी प्लेइंग इलेवन से चिपके रहेंगे, यह जानते हुए कि उनकी आस्तीन में इक्का छिपा है।
वुकोमनोविक ने कहा, "ज्यादातर विदेशी खिलाड़ी भारत आने के बाद सोचते हैं कि टीम में शामिल होना और फिर आईएसएल में खेलना आसान होगा। कालिइझयी के साथ हम चरण-दर-चरण चलना चाहते हैं, क्योंकि उनके लिए नए वातावरण, नई प्रणाली व नई टीम है और उन्हें खिलाड़ियों के अनुकूल बनना है। यह एक धीरे-धीरे चलने वाली प्रक्रिया है।"
उन्होंने कहा, "पहले मैच में हमने तय किया कि वह बेंच से शुरुआत करेगा। वह युवा है और उसके पास बहुत अधिक गुण हैं जो खेल की गति को बढ़ाने और इसकी लय बदलने में मदद कर सकते हैं।"
एटीके मोहन बागान पहले दिन के झटके से उबरकर हीरो आईएसएल की अपनी 25वीं जीत हासिल करना चाहेगा। भले ही मेरिनर्स का केरला ब्लास्टर्स के खिलाफ आमने-सामने का रिकॉर्ड शानदार है, लेकिन यह पहली बार होगा जब वे पीली ब्रिगेड का सामना उसी के मैदान पर करेंगे।
एटीके मोहन बागान में शामिल होने बाद से से ही इस क्लब के लिए सभी हीरो आईएसएल मैच खेलने वाले स्ट्राराइकर मनवीर सिंह ने पिछले मुकाबले का शुरुआती गोल किया था। यह 26 वर्षीय स्ट्राइकर मेरिनर्स का टॉप भारतीय गोल-स्कोरर है और लगातार दो मैचों में स्कोर करने में पूरी तरह सक्षम है।
लिस्टन कोलाको का नाम पिछले मैच में स्टार्टिंग इलेवन से गायब था। यह आक्रामक खिलाड़ी दूसरे हाफ में एक सब्सिट्यूट के रूप में उतरा, लेकिन तब तक मैच पर मेरिनर्स पकड़ ढीली पड़नी शुरू हो गई थी, और अंतत: उसने सीएफसी को देर से विजयी गोल जमाने का मौका दे दिया।
टीम के फॉर्मेशन में कोई बदलाव की उम्मीद नहीं है लेकिन मुख्य कोच जुआन फेरांडो निश्चित रूप से कोलाको को शुरुआती एकादश में शामिल करने के बारे में विचार करेंगे। सुभाषिश बोस, ब्रेंडन हैमिल और प्रीतम कोटल के साथ बैकलाइन वही रहने की उम्मीद है और उसके पीछे गोलकीपर विशाल कैथ होंगे।
फेरांडो ने कहा, "यह फुटबॉल है। जब आप मैच जीतते हैं या फिर हारते हैं, तो स्टाफ के लिए महत्वपूर्ण सवाल यह होता है कि हम क्यों जीते या हारे। हमारे दृष्टिकोण में, हम इसलिए हार गए क्योंकि हमारे पास विरोधियों के बारे में अधिक स्पष्ट विवरण नहीं था।" उन्होंने कहा, "खेल के तकनीकी और रणनीतिक पहलुओं के अलावा, हमें खिलाड़ी की भावनाओं का भी हिसाब रखना होगा। हालांकि, मुझे इस टीम पर भरोसा है और टीम को मुझ पर भरोसा है।"
इन दोनों टीमों के बीच यह सिर्फ पांचवीं भिड़ंत होगी। पिछले चार मुकाबलों में कुल 16 गोल किए गए हैं। मेरिनर्स ने 10 गोल किए हैं और तीन गेम जीते हैं जबकि टस्कर्स ने 6 रन बनाए हैं और कोई नहीं जीता है। एक मैच ड्रा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications