कोच Igor Stimac ने एस्ट्रोलॉजर की सलाह पर चुनी भारतीय फुटबॉल टीम, फिटनेस नहीं ग्रह-नक्षत्रों से मिली एंट्री
Asian Cup Prelims: भारतीय फुटबॉल टीम के कोच इगोर स्टिमक (Igor Stimac) ने पिछले साल कई मुकाबलों में टीम सेलेक्शन के लिए प्रोफेशनल एस्ट्रोलॉजर का सहारा लिया और खिलाड़ियों के ग्रह-नक्षत्रों की चाल के हिसाब से उन्हें टीम में जगह दी। जब इस बात का खुलासा हुआ तो कई हैरान कर देने वाली जानकारी सामने आई हैं।
दरअसल, 9 जून, 2022 को कोलकाता में एक महत्वपूर्ण एशियाई कप क्वालीफायर में भारत बनाम अफगानिस्तान के मैच से 48 घंटे पहले राष्ट्रीय फुटबॉल टीम के कोच इगोर स्टिमक ने दिल्ली एनसीआर के एक ज्योतिषी भूपेश शर्मा को एक लिस्ट भेजी थी, जिसमें मैच के 11 संभावित खिलाड़ियों के नाम थे।

द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, कुछ ही घंटों में ज्योतिषी ने प्रत्येक नाम के सामने अपने कमेंट के साथ जवाब भेज दिया। इस लिस्ट में कुछ खिलाड़ियों के लिए एस्ट्रोलॉजर भूपेश शर्मा ने लिखा, अच्छा कर सकते हैं। कुछ को अति आत्मविश्वास से बचने की सलाह दी। कुछ के लिए ग्रह-नक्षत्रों की चाल सही नहीं होने की बात कही।
एस्ट्रोलॉजर द्वारा दी गई सलाह के अनुसार ही 11 जून को किक-ऑफ से एक घंटे पहले, जब मैच के लिए भारत की टीम घोषित की गई, तो दो बड़े खिलाड़ियों को टीम में जगह नहीं मिली, क्योंकि उनके सितारे अनुकूल नहीं थे। मतलब उनका दिन सही नहीं था।
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, कोच स्टिमक और एस्ट्रोलॉजर शर्मा के बीच मई-जून 2022 में कथित तौर पर करीब 100 संदेशों का आदान-प्रदान हुआ था। भारत ने इस अवधि के दौरान चार मैच खेले। जॉर्डन के खिलाफ एक फ्रेंडली मैच और उसके बाद कंबोडिया, अफगानिस्तान और हॉन्गकॉन्ग के खिलाफ तीन एशियाई कप क्वालीफायर मैच खेले गए।
प्रत्येक मैच से पहले स्टिमक ने संदेश के जरिए शर्मा से संपर्क किया था। ये संदेश न केवल भारतीय टीम की चयन प्रक्रिया पर सवालिया निशान लगाते हैं, बल्कि ऐसा करने से टीम की महत्वपूर्ण जानकारी 'बाहरी व्यक्ति' के साथ शेयर किए जाने से दुरुपयोग होने का खतरा भी होता है।
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, कथित संदेशों से एक स्पष्ट पैटर्न का पता चलता है। हालांकि, सभी खिलाड़ियों के नाम उनकी पहचान को उजागर नहीं किया गया है, लेकिन रिपोर्ट से इतना तो स्पष्ट हो जाता है कि मैच के लिए टीम फाइनल करने से पहले एस्ट्रोलॉजर से सलाह मांगी और कई महत्वपूर्ण जानकारी भी साझा की गईं।
एक शुरुआती बातचीत में स्टिमैक ने लिखा, 'हाय प्रिय भूपेश, आपसे चर्चा करके खुशी हुई! मैं आपसे निम्नलिखित खिलाड़ियों पर राय देने के लिए निवेदन करूंगा।' उन्होंने चार खिलाड़ियों की तारीख, समय और जन्म स्थान शेयर किया, जिनमें से तीन ने 2017 फीफा अंडर -17 विश्व कप में भारत का प्रतिनिधित्व किया।
दरअसल, 12 जून को अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरे मैच के एक दिन बाद, जिसमें भारत को 2-1 से जीतने के लिए संघर्ष करना पड़ा, शर्मा ने स्टिमक को संदेश भेजा, 'जब आप फ्री हों तो मुझे बताएं कि चार्ट के अनुसार, हम इस मैच के खिलाड़ी विश्लेषण में कितने करीब थे।'
स्टिमैक ने जवाब दिया, 'सबकुछ सही था, जब हम मिलेंगे तो मैं आपको समझाऊंगा।' अगले दोपहर, स्टिमैक और शर्मा ने हांगकांग के खिलाफ मैच के लिए भारत की प्लेइंग 11 पर चर्चा करने के लिए मुलाकात की। भारत ने वह गेम जीता और एशियन कप के लिए क्वालीफाई किया।
द इंडियन एक्सप्रेस को जब इस बातचीत के बारे में जानकारी मिली तो ज्योतिषी शर्मा से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन शर्मा ने कॉल और संदेशों का जवाब नहीं दिया। प्रफुल्ल पटेल, जो उस समय एआईएफएफ के अध्यक्ष थे, उन्होंने द इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि उन्हें इस मुद्दे के बारे में 'पता' नहीं था, लेकिन एआईएफएफ के तत्कालीन महासचिव कुशल दास ने स्वीकार किया कि उन्होंने मई 2022 में कोच इगोर स्टिमक को एस्ट्रोलॉजर भूपेश शर्मा से मिलवाया था।
कुशल दास ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि, 'मैं उनसे एक मीटिंग में मिला था। उन्होंने (शर्मा) कई टेलीकॉम कंपनियों और बॉलीवुड हस्तियों के लिए काम किया था। इस हिसाब से उन्हें लगा कि खिलाड़ियों को लेकर सही निर्णय लेने में शर्मा मदद कर सकते हैं।
कुशल दास ने बताया कि, 'तब मैं और इगोर इस बात को लेकर चिंतित थे कि भारत एशियन कप के लिए क्वालिफाई कर पाएगा या नहीं? मेरे लिए सबसे अहम था कि भारत जगह बनाए। इसलिए मैंने उनसे (शर्मा) कहा कि मैं आपको कोच के संपर्क में रखूंगा और अगर उन्हें यह पसंद आता है, तो आपकी सेवाओं का उपयोग किया जा सकता है, तो वह मुझसे संपर्क कर सकते हैं।'
यह पूछे जाने पर कि उन्होंने ज्योतिषी का सहारा क्यों लिया और उसकी सलाह पर काम क्यों किया, स्टिमैक ने कहा कि, 'भूपेश की सिफारिश मुझसे की गई थी और मुझे (अन्य लोगों द्वारा) आश्वस्त किया गया था कि मुझे खेल में उसके संभावित प्रभावों की जांच करनी होगी, इससे ज्यादा कुछ नहीं। मैंने एक और विदेशी सहायक कोच का अनुरोध किया जिस पर कभी विचार नहीं किया गया और जब मुझे भूपेश के कॉन्ट्रैक्ट के बारे में पता चला तो मैं हैरान रह गया।'
शर्मा के कॉन्ट्रैक्ट के बारे में पूछे जाने पर दास ने कहा कि, 'हमने दो महीने के लिए उनकी सेवाओं का उपयोग किया, इसलिए हमने उन्हें लगभग 12-15 लाख रुपये का भुगतान किया। भारत ने एशियाई कप के लिए क्वालीफाई कर लिया है इसलिए यह कोई बड़ी रकम नहीं लगती।'
बातचीत के बारे में बताते हुए दास ने कहा कि उन्हें स्टिमैक और शर्मा के बीच हुई बातचीत की जानकारी नहीं है। दास ने कहा, 'एआईएफएफ के साथ अपने 12 वर्षों में मैंने कभी भी कोच या किसी अन्य के साथ टीम चयन पर चर्चा नहीं की।'
वर्तमान एआईएफएफ अध्यक्ष कल्याण चौबे ने प्रतिक्रिया मांगने वाले संदेश का जवाब नहीं दिया, जबकि महासचिव शाजी प्रभाकरन से जब कोच-ज्योतिषी चैट के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। ये खुलासे तब हुए हैं जब भारतीय टीम की किस्मत बुलंदियों पर है और वह दुनिया के शीर्ष 100 में शामिल हो गई है।
हाल ही में, एआईएफएफ ने द इंडियन एक्सप्रेस के साथ एक साक्षात्कार के बाद कोच को कारण बताओ नोटिस जारी किया था, जहां स्टिमैक ने अन्य बातों के अलावा कहा था कि वह 'भारत में चाटुकारिता करने नहीं आए थे और उन्हें सच बोलने में किसी भी प्रकार का कोई डर नहीं है।'












Click it and Unblock the Notifications