FIFA World Cup: पुरुषों के वर्ल्ड कप में पहली महिला रेफरी बनेंगी फ्रांस की स्टेफनी फ्रापार्ट
फीफा वर्ल्ड कप 2022 में फ्रांस की स्टेफनी फ्रापार्ट एक बड़ी उपलब्धि दर्ज करने जा रही हैं। वे पुरुषों के वर्ल्ड कप इवेंट में रेफरी बनने वाली पहली महिला होंगी।
फीफा वर्ल्ड कप 2022 कतर में चल रहा है जहां पर ये मेगा इवेंट तेजी से लीग स्टेज से पार नॉकआउट मुकाबलों की ओर बढ़ रहा है। ताजा मुकाबलों में सेनेगल की टीम ने बीस साल का इंतजार खत्म करते हुए नॉकआउट में जगह बनाई है। पुरुषों का फुटबॉल वर्ल्ड कप धरती पर मौजूद सभी खेलों के वर्ल्ड कप में सबसे बड़ा इवेंट होता है। लेकिन पुरुषों के वर्चस्व वाले इस मुकाबले में स्टेफनी फ्रापार्ट ने महिलाओं के नजरिए से बड़ी उपलब्धि हासिल की है क्योंकि वे पुरुषों के विश्व कप मैच में रेफरी बनने वाली पहली महिला बन जाएंगी। (Photo- @FIFAcom Twitter)

फीफा ने मंगलवार को घोषणा की कि स्टेफनी जर्मनी और कोस्टा रिका के बीच गुरुवार के ग्रुप ई मैच की कमान संभालेंगी। फ्रांस की फ्रापार्ट तीन महिला रेफरी में से एक हैं जिनको इस वर्ल्ड कप में लिया गया है। बाकी दो में रवांडा की सलीमा मुकानसांगा और जापान की योशिमी यामाशिता हैं। कुल मिलाकर कतर में 36 मैच रेफरी मैच खिलाने के लिए उतरे हैं। बता दें तीन अन्य महिला अधिकारियों ने सहायक रेफरी के रूप में विश्व कप की यात्रा की है।
38 वर्षीय फ्रापार्ट ने यूरोप में बहुत तेजी से अपने करियर में तरक्की की है और अब वे पुरुषों के विश्व कप मैच में रेफरी बनेंगी जो इस ग्रोथ में लेटेस्ट मील का पत्थर है। इससे पहले वे कई जगहों पर अपनी उपस्थिति दर्ज करा चुकी हैं। वह 2019 में फ्रांस की लीग 1 में रेफरी करने वाली पहली महिला थीं, उसी वर्ष उन्होंने अपने देश में महिला विश्व कप फाइनल की भी कमान संभाली थी।
इसके अलावा फ्रापार्ट ने 2020 में चैंपियंस लीग और फिर पिछले सीजन में फ्रेंच कप फाइनल में रेफरिंग की। इससे पहले वे क्लब फुटबॉल में लिवरपूल और चेल्सी के बीच 2019 यूईएफए सुपर कप फाइनल में भी काम कर चुकी हैं।
फीफा ने महिला रेफरियों की वर्ल्ड कप उपस्थिति को ऐतिहासिक करार दिया है और तीनों महिलाओं की एक्शन में फोटो शेयर की है।












Click it and Unblock the Notifications