जिम्बाब्वे के इस गुमनाम बल्लेबाज ने बांग्लादेश के खिलाफ जड़ा शतक, केएल राहुल स्टाइल में मनाया जश्न
बांग्लादेश की टीम इन दिनों जिम्बाब्वे के दौरे पर है।
नई दिल्ली, 6 अगस्त: बांग्लादेश की टीम इन दिनों जिम्बाब्वे के दौरे पर है। यहां दोनों टीमों के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज खेली जा रही है। सीरीज के पहले मुकाबले को मेजबान जिम्बाब्वे ने 5 विकेट से जीत लिया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेश ने 50 ओवर में 2 विकेट खोकर 303 रन बनाए। जवाब में जिम्बाब्वे ने 48.2 ओवर में 5 विकेट खोकर 307 रन बनाए। जिम्बाब्वे की ओर से सिकंदर रजा ने नाबाद 135 रन की पारी खेली, वहीं इनोसेंट काइया ने भी 110 रन बनाए।

192 रन की साझेदारी
सिकंदर रजा और इनोसेंट काइया के बीच पांचवें विकेट के लिए 192 रन की साझेदारी हुई। इस पार्टनरशिप की दम पर जिम्बाब्वे ने जीत हासिल कर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। काइया ने जब अपने वनडे करियर का पहला शतक जड़ा तो उन्होंने कान पकड़कर जश्न मनाया। उनके इस जश्न ने क्रिकेट प्रेमियों को केएल राहुल की याद दिला दी। सोशल मीडिया पर अब उनके इस जश्न की तस्वीर तेजी से वायरल हो रही है। मैच के बाद जब काइया से इस जश्न के बारे में पूछा गया तो उन्होंने बताया कि केएल राहुल उनके पसंदीदा खिलाड़ी हैं और वह भी ऐसे ही जश्न मनाते हैं। इसलिए मैंने अपना पहला शतक जड़ने के बाद ऐसा जश्न मनाकर उन्हें ट्रिब्यूट दिया।
5 विकेट से जीता मैच
मुकाबले की बात करें तो बांग्लादेश ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 2 विकेट खोकर 303 रन बनाए। कप्तान तमीम इकबाल ने 62, लिटन दास ने 81 और अनामुल हक ने 73 रन बनाए। मुशफिकुर रहीम 52 और महमूदुल्लाह 20 रन बनाकर नाबाद रहे। जवाब में 48.2 ओवर में जिम्बाब्वे ने 5 विकेट खोकर 307 रन बनाकर मैच जीत लिया। जिम्बाब्वे की ओर से रेजिस चकबवा ने 2, तारिसाई मुसकंडा ने 4, इनोसेंट काइया ने 110, वेस्ले मधेवेरे ने 19 और ल्यूक जोंगवे ने 24 रन बनाए। सिकंदर रज़ा 135 और मिल्टन शुम्बा 1 रन बनाकर नाबाद रहे।












Click it and Unblock the Notifications