IPL 2013 में चहल को साथी खिलाड़ी ने 15वीं मंजिल से लटका दिया था, सनसनीखेज खुलासे से मचा हड़कंप
नई दिल्ली, 8 अप्रैल: राजस्थान रॉयल्स के खिलाड़ी युजवेंद्र चहल आईपीएल 2022 के सीजन में काफी अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और अपनी टीम के अहम बॉलर हैं। चहल इससे पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम का हिस्सा हुआ करते थे और वह इस समय जिस तरह की फॉर्म में दिख रहे हैं वह T20 वर्ल्ड कप के लिए तैयार हो रही भारतीय क्रिकेट टीम के लिए भी अच्छा संकेत है। चहल की क्रिकेट क्रिकेट यात्रा काफी उतार-चढ़ाव भरी रही है। मैदान से हटकर उनका एक मजाकिया अंदाज भी है जिसको लोग काफी पसंद करते हैं और यह बात भी सही है कि चहल की ऑफ फील्ड शख्सियत को कोई ज्यादा गंभीरता से नहीं लेता है।

लगभग मौत के करीब का अनुभव बताया
अब इस लेग स्पिनर ने आईपीएल 2013 का एक ऐसा मामला शेयर किया है जो चौंकाने वाला भी है और भयावह भी। ये इंडियन प्रीमियर लीग के 2013 सीजन में बेंगलुरु में हुई घटना थी। मैच के बाद पार्टी चल रही थी और चहल को उन्हीं के साथ के क्रिकेटर ने इस पार्टी के दौरान परेशान किया था। मामला इतना गंभीर है कि चहल ने इसको अपनी जिंदगी का लगभग मौत के करीब का अनुभव बताया है और कहां है कि उन्होंने उस रात काफी अहम सबक सीखा था।

होटल की 15वें फ्लोर की बालकनी पर लटका दिया- चहल
चहल 2013 में मुंबई इंडियंस के लिए खेल रहे थे और उन्होंने बताया कि वह शराब के नशे में धुत खिलाड़ी के द्वारा होटल की 15वें फ्लोर की बालकनी पर लटका दिए गए थे। पहले बताया कि वह तब बाल-बाल बचे और उनको चक्कर आ गए थे और जब बाकी लोग मदद के लिए आए और उनको वापस कमरे में लिया तो वे बेहोश हो गए थे। हालांकि चहल ने खिलाड़ी का नाम उजागर करने से मना कर दिया है लेकिन उन्होंने कहा है कि इस घटना के बाद उनको इस बात का अहसास हो गया था कि जिम्मेदारी का भाव अपने अंदर लाना कितना जरूरी होता है।

'मैंने कभी भी यह घटना किसी को नहीं बताई'
बाद में चहल को आरसीबी की टीम ने खरीद लिया था और वे 2021 से पहले तक इसी फ्रेंचाइजी से खेलते रहे। आईपीएल के नए सीजन में चहल को राजस्थान रॉयल्स ने ले लिया है। चहल ने यह सब बातें अपने साथी वरिष्ठ खिलाड़ी रविचंद्रन अश्विन के साथ से की है। यह वीडियो राजस्थान रॉयल्स के द्वारा शेयर किया गया है जहां पर चहल कहते हैं, "मैंने कभी भी यह घटना किसी को नहीं बताई, मैंने कभी भी इसको किसी से शेयर नहीं किया। यह 2013 की बात थी जब मैं मुंबई इंडियंस में खेल रहा था और बेंगलुरु में हमारा मैच था।

वो बंदा नशे में बुरी तरह धुत था-
"उस मैच के बाद लोगों से घुलना मिलना हो रहा था तभी एक खिलाड़ी ऐसा था जो काफी नशे में धुत था। उसका नाम नहीं लूंगा। उसने काफी शराब पी हुई थी वह मुझे देख रहा था और लंबे समय से मुझे घूर रहा था। फिर उसने मुझे बुलाया और वह मुझे बाहर ले गया और फिर उसने मुझे बालकनी से लटका दिया।"
चहल बताते हैं कि उन्होंने उस बंदे को अपने हाथों से पकड़ लिया जैसे गर्दन के पीछे हाथ ले जाते हैं। अगर वे उस दौरान अपनी पकड़ जरा भी हल्की कर देते तो कुछ भी हो सकता था। चहल बताते हैं कि उसके बाद कई लोग आए और उन्होंने मामले को हैंडल किया।
लोगों ने काफी गंभीरता से लिया है मामला-
चहल ने कहा, "मैं करीब बेहोश हो रहा था तब उन्होंने मुझे पानी दिया। तब मुझे पता चला कि चाहे हम जहां भी हो लेकिन हमें जिम्मेदार होने की जरूरत है। तो यह एक ऐसी घटना थी जहां मुझे लगता है मैं बाल-बाल बचा। अगर छोटी सी भी गलती हो गई होती तो मैं सीधा नीचे गिर चुका होता।"
चहल के इस सनसनीखेज खुलासे ने कई लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया है और क्रिकेट फैंस ने चहल से उस खिलाड़ी का नाम बताने का आग्रह किया है ताकि बीसीसीआई उस खिलाड़ी के खिलाफ एक्शन ले सके। मुंबई इंडियंस से भी लोग खुश नजर नहीं आए हैं।
जहां तक आईपीएल 2022 की बात है तो चहल ने 3 मैचों में 7 विकेट चटका दिए हैं। उन्होंने अपनी पुरानी फ्रेंचाइजी आसीबी के खिलाफ भी 2 विकेट चटकाए थे जिसमें पूर्व कप्तान विराट कोहली का शिकार भी शामिल था।












Click it and Unblock the Notifications