एमएस धोनी से लेकर हार्दिक पांड्या तक, युजवेंद्र चहल ने टीम इंडिया के कप्तानों को लेकर किया बड़ा खुलासा
West Indies vs India, 2nd T20I: भारतीय लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल ने सफेद गेंद फॉर्मेट में पिछले चार भारतीय कप्तानों की कप्तानी को लेकर बड़ी प्रतिक्रिया दी है। दरअसल, चहल ने जिन कप्तानों के तहत मैच खेला है, उनमें एमएस धोनी, विराट कोहली और रोहित शर्मा के बाद अब हार्दिक पांड्या का भी नाम शामिल हो गया है। जब उनसे इन कप्तानों की कप्तानी के बारे में पूछा गया तो गेंदबाज ने दिलचस्प जवाब दिया।
साल 2016 में एमएस धोनी के नेतृत्व में अपने डेब्यू के बाद से कई कप्तानों के तहत खेलने के बाद चहल को लगता है कि जो भी टीम का नेतृत्व कर रहा है, उसके साथ उनके समीकरण में ज्यादा कुछ बदलाव नहीं आता है।

टीम इंडिया में युजवेंद्र चहल ने गिनाए अपने चार भाई
उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टी20 मैच से पहले मीडिया से बात करते हुए कहा कि, 'यह एक परिवार की तरह है जहां आपके चार भाई हैं। माही भाई सबसे बड़े थे, फिर विराट भैया आए, फिर रोहित भैया और अब हार्दिक, लेकिन सभी के साथ समीकरण वही हैं।
उन्होंने आगे कहा कि, 'मैदान पर हम सभी जीतना चाहते हैं, उन्होंने (सीनियर्स ने) हमें एक गेंदबाज के रूप में आजादी दी, और हार्दिक ने भी हमें आजादी देते हैं। मैं यहां हूं और परफॉर्म करना चाहता हूं। मैं सीरीज दर सीरीज सोचता हूं कि, भविष्य में क्या होगा यह मेरे हाथ में नहीं है।'
विंडीज बल्लेबाज निकोलस पूरन पिछले कुछ समय से खतरनाक फॉर्म में हैं और उन्हें स्पिनरों की धुनाई करना पसंद है।इस पर चहल ने कहा कि, 'मुझे निकोलस पूरन के खिलाफ अपनी फाइट पसंद है। मैंने उसे कुछ बार आउट किया है और कुछ अन्य मौकों पर उसने मुझ पर छक्के लगाए हैं। मैं उसे मुफ्त चीजें नहीं देने की कोशिश करता हूं, क्योंकि मुझे पता है कि वह मुझे स्टेडियम के बाहर मार देगा।'
चहल ने दूसरे टी20 से पहले कहा कि, 'टीम संयोजन हमारी प्राथमिकता है और यह कोई नई बात नहीं है। सातवें नंबर पर हम आम तौर पर रवींद्र जड़ेजा या अक्षर पटेल को खिलाते हैं। तीन स्पिनर तभी खेल सकते हैं, जब विकेट स्पिन के अनुकूल हों।'
लेग स्पिनर ने कहा कि, 'कुलदीप वास्तव में अच्छी गेंदबाजी कर रहा है, वह शानदार लय में है और यही कारण है कि टीम उसका समर्थन कर रही है। मैं नेट्स पर काम करता रहता हूं ताकि जब भी मुझे मौका मिले मैं उसका फायदा उठा सकूं।'












Click it and Unblock the Notifications