Yuvraj Singh 6 Sixes: नन्हे युवराज ने भी देखे पिता के 1 ओवर में 6 छक्के, युवी ने शेयर किया वीडियो
आईसीसी टी20 विश्वकप 2007 के दौरान युवराज सिंह ने इतिहास रच दिया था। आज ही के दिन 15 साल पहले उन्होंने इंग्लैंड के तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड को एक ओवर में लगातार छह छक्के लगाए थे।
नई दिल्ली, 19 सितंबर: आईसीसी टी20 विश्वकप 2007 के दौरान युवराज सिंह ने इतिहास रच दिया था। आज ही के दिन 15 साल पहले उन्होंने इंग्लैंड के तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड को एक ओवर में लगातार छह छक्के लगाए थे। इसके बाद से ही वह सिक्सर किंग के नाम से मशहूर हो गए थे। युवी ने आज फिर अपने बेटे के साथ उस शानदार पल का आनंद उठाया। उन्होंने इसका एक प्यारा सा वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। युवी के फैंस इस पर जमकर प्यार लुटा रहे हैं।
Recommended Video

युवी ने शेयर किया वीडियो
युवराज ने ट्विटर पर 1 मिनट 45 सेकंड का एक वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि वह अपने बेटे ओरियन के साथ खुद को स्टुअर्ट ब्रॉड को हिट करते हुए देख रहे हैं। एंड्र्यू फ्लिंटॉफ से कहासुनी के बाद दिग्गज भारतीय खिलाड़ी गुस्से में नजर आ रहे हैं। इसके बाद वह युवा गेंदबाज ब्रॉड के ओवर में एक-एक कर अपने बल्ले से 6 हवाई फायर करते हैं। वीडियो के साथ कैप्शन में युवराज ने लिखा, 15 साल बाद इसे देखने के लिए इससे बेहतर पार्टनर नहीं मिल सकता था।
Couldn't have found a better partner to watch this together with after 15 years 👶 🏏 #15YearsOfSixSixes #ThisDayThatYear #Throwback #MotivationalMonday #GetUpAndDoItAgain #SixSixes #OnThisDay pic.twitter.com/jlU3RR0TmQ
— Yuvraj Singh (@YUVSTRONG12) September 19, 2022

हर हाल में मैच जीतना था
2007 में आज ही के दिन पूर्व भारतीय ऑलराउंडर युवराज सिंह टी20 के एक ओवर में 6 छक्के लगाने वाले पहले और इंटरनेशनल क्रिकेट में ऐसा करने वाले दूसरे बल्लेबाज बने थे। इससे पहले हर्शल गिब्स ने वनडे में इंग्लैंड के खिलाफ 1 ओवर में 6 छक्के जड़े थे। यह विश्वकप का सुपर आठ स्टेज था। अपने पहले मैच हारने के बाद भारत और इंग्लैंड दोनों को सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए इस मैच को जीतना हर हाल में जरूरी था।

12 गेंदों में जड़ी थी फिफ्टी
6 छक्कों की बदौलत युवराज सिंह ने 12 गेंदों में अपनी फिफ्टी पूरी की थी। आज भी इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक का ये वर्ल्ड रिकॉर्ड कोई तोड़ नहीं पाया है। मैच में सिक्सर किंग युवी ने केवल 16 गेंदों पर 7 छक्के और 3 चौकों की मदद से 58 रन बनाए थे। पारी के दौरान उनका स्ट्राइक रेट 362.50 का था। भारत की पारी के आखिरी ओवर में युवराज ने फ्लिंटॉफ को भी एक छक्का लगाया था।

मुकाबले का हाल
युवराज सिंह की तूफानी पारी की बदौलत भारत ने 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 218 रन बनाए थे। युवी के अलावा वीरेंद्र सहवाग (68) और गौतम गंभीर ने भी 58 रन की पारी खेली थी। इंग्लिश टीम के सामने 219 रन का टारगेट था, लेकिन टीम 20 ओवर में 200-6 का स्कोर ही बना सकी और 18 रन से मैच हार गई। विक्रम सोलंकी (43) टॉप स्कोरर रहे। भारत की ओर से इरफान पठान 3 विकेट लेने में सफल रहे थे।












Click it and Unblock the Notifications