Year Ender 2024: टी-20 वर्ल्ड कप से लेकर आखिरी सीरीज तक, भारतीय महिला टीम का 2024 में ऐसा रहा प्रदर्शन
Year Ender 2024: साल 2024 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम के लिए टी20 इंटरनेशनल सीरीज और टूर्नामेंट में उतना सफल नहीं रहना, जितना उम्मीद की जा रही थी। महिला एशिया कप और महिला टी20 वर्ल्ड कप दोनों ही बड़े टूर्नामेंट थे, जिसमें टीम इंडिया को खिताब जीतने के मजबूत दावेदारों में माना जा रहा था। हालांकि, इन टूर्नामेंट्स में टीम भारत को सफलता नहीं मिल पाई, जिससे क्रिकेट फैंस को गहरी निराशा हुई।
महिला टीम के लिए कैसा रहा ये साल (Year Ender 2024)
इस साल भारतीय महिला टीम ने कुल 23 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले, जिनमें से 15 मैचों में उन्हें जीत मिली। लेकिन 7 मैचों में हार का सामना करना पड़ा। इसके अलावा एक मुकाबला रद्द भी हो गया। ऐसे में टीम के प्रदर्शन को देखते हुए यह साल कुछ मायनों में निराशाजनक रहा, खासकर उन टूर्नामेंट्स में जहां उन्हें शीर्ष पर रहने की उम्मीद थी।

ऑस्ट्रेलिया से झेलनी पड़ी हार
साल 2024 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने रोमांचक टी20 सीरीज खेली। जिसमें उन्होंने ऑस्ट्रेलिया महिला टीम के खिलाफ अपनी पहली घरेलू टी20 सीरीज में अपना दमखम दिखाया। इस सीरीज में तीन मैच खेले गए, और भारतीय टीम को 2-1 से हार का सामना करना पड़ा। पहले मैच में भारतीय महिला टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑस्ट्रेलिया को हराया, लेकिन अगले दोनों मैचों में उन्हें हार मिली, जिससे वे सीरीज में 2-1 से पीछे रह गए।
बांग्लादेश को उसी के घर में हराया
इस हार के बाद भारतीय महिला टीम ने बांग्लादेश का दौरा किया, जहां उन्हें 5 मैचों की टी20 सीरीज खेलनी थी। भारतीय महिला टीम ने बांग्लादेश को उसी के घर में शानदार तरीके से हराया और सीरीज 5-0 से जीत ली, जिससे उनकी शानदार वापसी हुई और यह सीरीज जीत उनके लिए एक बड़ी उपलब्धि साबित हुई।
निराशाजनक रहा टी-20 वर्ल्ड कप
इस साल यूएई में खेले गए महिला टी20 वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया, लेकिन भारतीय महिला क्रिकेट टीम के प्रदर्शन ने सभी को हैरान कर दिया। टीम इंडिया ने वर्ल्ड कप की शुरुआत बड़े आत्मविश्वास के साथ की थी और वह खिताब जीतने की प्रबल दावेदारों में शामिल थी। हालांकि, भारतीय टीम का प्रदर्शन उम्मीदों से बहुत दूर रहा। टीम ने ग्रुप स्टेज के चार मैचों में से दो को गंवा दिया, जिससे नॉकआउट स्टेज में पहुंचने की उनकी उम्मीदें समाप्त हो गईं। यह भारतीय महिला टीम का अब तक का सबसे खराब प्रदर्शन था
ये रही थी हार की वजह
भारतीय टीम के लिए इस टूर्नामेंट में कई चुनौतियां रही, जिसमें टीम का सामूहिक प्रदर्शन भी उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा। बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों ही क्षेत्रों में भारतीय टीम निरंतरता की कमी दिखी गई, जो उनकी हार का कारण बनी। टीम इंडिया को अपनी रणनीतियों में सुधार करने की जरूरत है ताकि वे भविष्य में आने वाले टी-20 वर्ल्ड कप में और बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
साल के आखिरी सीरीज में दर्ज की जीत
2024 में वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत ने आखिरी टी20 सीरीज खेली थी। इस सीरीज के पहले मैच में भारतीय टीम ने जीत हासिल की, लेकिन दूसरे मैच में वेस्टइंडीज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मुकाबला अपने नाम किया और सीरीज 1-1 से बराबरी पर आ गई। फिर भारतीय महिला टीम ने आखिरी मैच में जबरदस्त खेल दिखाया और 60 रनों से जीत दर्ज की, जिसके साथ उन्होंने सीरीज 2-1 से अपने नाम की और साल का समापन शानदार तरीके से किया।












Click it and Unblock the Notifications