Year Ender 2024: टी-20 में इन भारतीय बल्लेबाजों का रहा जलवा, मैदान पर कर दी चौके-छक्कों की बरसात
Year Ender 2024: साल 2024 भारतीय क्रिकेट टीम के लिए टी-20 फॉर्मेट में एक यादगार साल साबित हुआ है। इस साल भारत ने टी-20 विश्व कप जीतने के साथ-साथ अपनी सभी 5 द्विपक्षीय टी-20 सीरीज भी जीतने में कामयाबी हासिल की। इस सफलता के पीछे भारतीय बल्लेबाजों का बड़ा हाथ रहा। 2024 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाजों की लिस्ट पर नजर डाले तो इनमें कई खिलाड़ियों का अहम रोल रहा है।
संजू सैमसन
संजू सैमसन ने साल 2024 में 13 मुकाबलों में हिस्सा लिया और 12 पारियों में 436 रन बनाए। इसमें 3 शतक और 1 अर्धशतक शामिल थे। इस दौरान संजू सैमसन का स्ट्राइक रेट 180.16 का रहा। इसके साथ ही संजू सैमसन टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक साल में 3 शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज बने थे। साल 2024 टी-20 विश्व कप में एक भी मुकाबले में खेलने का मौका नहीं मिला था।

तिलक वर्मा
तिलक वर्मा का यह साल वाकई शानदार रहा। उन्होंने जिस तरह से बल्लेबाजी की, वह खास था। इस साल उन्हें सिर्फ 5 मैच खेलने का मौका मिला, लेकिन उन्होंने इन मैचों में अपनी काबिलियत साबित कर दी। तिलक ने 2 शानदार शतक लगाए, जिनमें से उनका सर्वोत्तम स्कोर 120* रन रहा। उनकी बल्लेबाजी औसत 102 की रही और स्ट्राइक रेट भी 187.73 का था, जो कि टी-20 प्रारूप में बेहतरीन है। कुल मिलाकर इस साल उन्होंने 306 रन बनाए।
सूर्यकुमार यादव
सूर्यकुमार यादव भारतीय टीम के टी-20 कप्तान हैं, सूर्या ने 2024 में 18 मुकाबलों में हिस्सा लिया और 17 पारियों में 26.81 की औसत से 429 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 4 अर्धशतक जड़े और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 75 रन रहा। टी-20 विश्व कप 2024 में भी उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया, जहां उन्होंने 8 मैचों में 28.42 की औसत और 135.37 की स्ट्राइक रेट से 199 रन बनाए। इस टूर्नामेंट में उन्होंने 2 अर्धशतक भी बनाए, और उनका सर्वोत्तम स्कोर 53 रन था।
रोहित शर्मा
रोहित शर्मा टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं। साल 2024 के टी-20 सीज़न में शानदार प्रदर्शन करते हुए वह तीसरे स्थान पर रहे। इस साल उन्होंने 11 मैचों में 42 की औसत से 378 रन बनाए, इस दौरान उनकी स्ट्राइक रेट 160.16 थी। इन 11 मैचों में उनका सर्वोत्तम प्रदर्शन 121* रन का रहा, और उन्होंने 1 शतक तथा 3 अर्धशतक लगाए। रोहित शर्मा 2024 के टी-20 विश्व कप में भारत के सबसे प्रमुख बल्लेबाज के रूप में सामने आए। उन्होंने 8 मैचों में 36.71 की औसत और 156.70 की स्ट्राइक रेट से कुल 257 रन बनाए।
हार्दिक पांड्या
हार्दिक पांड्या ने 2024 में 17 मुकाबले खेले। उन्होंने 14 पारियों में 352 रन बनाए, जिनमें 6 बार नाबाद रहने का रिकॉर्ड है। उनकी बल्लेबाजी औसत 44 रही, जबकि स्ट्राइक रेट 150.42 की थी। टी-20 विश्व कप 2024 में उन्होंने 8 मैच खेले, जिसमें 6 पारियों में 48 की औसत और 151.57 की स्ट्राइक रेट से 144 रन बनाए।












Click it and Unblock the Notifications