Year Ender 2024: चेस से लेकर पेरिस ओलंपिक तक, जानिए खेल जगत के लिए कैसा रहा ये साल
Year Ender 2024: साल 2024 भारत के लिए उपलब्धियों से भरा रहा, जिन्होंने देश को गौरवान्वित किया। देश ने क्रिकेट, टेनिस, हॉकी, शतरंज और पेरिस ओलंपिक में शानदार प्रदर्शन किया। आइए नए साल के आगाज से पहले उन उल्लेखनीय उपलब्धियों पर फिर से नजर डालें, जिन्होंने हर भारतीय को जश्न मनाने का मौका दिया।
सबसे पहले बात करते हैं, क्रिकेट की जिसको लेकर देश में गजब की दीवानगी है। 30 जून 2024 का दिन तो याद ही होगा, जब रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत ने वर्ल्ड कप जीता। उन्होंने बारबाडोस में दक्षिण अफ्रीका को हराया। इस जीत ने 2023 में घरेलू मैदान पर होने वाले वनडे विश्व कप से चूकने के बाद ICC ट्रॉफी के लिए 11 साल के इंतजार को खत्म कर दिया।

हॉकी टीम ने रचा इतिहास
भारतीय हॉकी टीम ने चीन को 1-0 से हराकर एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी 2024 में जीत दर्ज की। भारत को इस टूर्नामेंट में पांचवीं बार खिताब मिला। इस जीत ने खेल जगत में भारत के नाम एक और उपलब्धि जोड़ दी।
ओलंपिक में भारत ने जीते छह पदक
पेरिस ओलंपिक 2024 में भारत ने एक सिल्वर और पांच ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किए। मनु भाकर ने महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल शूटिंग में कांस्य पदक जीतकर भारत को पहला मेडल दिलाया। बाद में उन्होंने मिश्रित टीम स्पर्धा में सरबजोत सिंह के साथ रजत पदक जीता।
टेनिस में भारत के नाम बड़ी उपलब्धि
रोहन बोपन्ना ने अपने जोड़ीदार एबडेन के साथ मिलकर ऑस्ट्रेलियन ओपन 2024 में पुरुष युगल खिताब जीतकर इतिहास रच दिया। उन्होंने फाइनल में इटली के सिमोन बोलेली और वावसोरी को हराया। 43 साल की उम्र में बोपन्ना ग्रैंड स्लैम जीतने वाले सबसे उम्रदराज पुरुष खिलाड़ी बन गए।
सबसे कम उम्र के चैंपियन बने गुकेश
शतरंज में गुकेश डी ने सिंगापुर में 2024 में होने वाली विश्व शतरंज चैंपियनशिप में चीन के डिंग लीरेन को हराकर सनसनी मचा दी। महज 18 साल की उम्र में वह सबसे कम उम्र के चैंपियन बन गए और विश्वनाथन आनंद के बाद यह प्रतिष्ठित खिताब जीतने वाले दूसरे भारतीय बन गए।
भारत की बढ़ती ताकत को दर्शाती उपलब्धियां
यह साल भारतीय खेलों के लिए यादगार रहा है, जिसमें वैश्विक मंचों पर विभिन्न खेलों में प्रतिभाओं का प्रदर्शन हुआ। ये उपलब्धियां न केवल व्यक्तिगत प्रतिभा को उजागर करती हैं, बल्कि अंतर्राष्ट्रीय खेल क्षेत्रों में भारत की बढ़ती ताकत को भी दर्शाती हैं।












Click it and Unblock the Notifications