Year Ender 2023: साल 2023 में कौन रहा क्रिकेट का बॉस, जानें किन टीमों ने छोड़ी छाप, तो किसने डुबोया नाम
Year Ender 2023: साल 2023 क्रिकेट जगत के लिए काफी शानदार रहा है। हालांकि, ये वर्ष भारत के लिए जरूर कुछ कड़वी यादें देकर जा रहा है, लेकिन दुनिया के नजरिए से देखा जाए तो हमारी टीम ने इस साल अन्य टीमों की तुलना में काबिले तारीफ प्रदर्शन किया है। आइए इस क्रम में एक नजर डालते हैं उन टीमों पर जिन्होंने इस साल पूरी ताकत झोंककर खुद को सर्वश्रेष्ठ साबित करके दिखाया।
साल 2023 में कैसा रहा ऑस्ट्रेलिया का प्रदर्शन
साल 2023 में ऑस्ट्रेलिया ने एक बार फिर अपने बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर दुनिया को हैरान कर दिया। पैट कमिंस की अगुवाई में ऑस्ट्रेलिया ने पहले विश्व टेस्ट चैंपियनशिप अपने नाम की और फिर करोड़ों भारतीयों का दिल तोड़कर वनडे वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम कर लिया। इस साल ऑस्ट्रेलिया ने तीनों फॉर्मेट में कुल 41 मैच खेले हैं, जिसमें से उन्होंने 22 मैच में जीत दर्ज की और 16 मैचों में हार का सामना किया, जबकि तीन मैच ड्रॉ पर समाप्त हुए। इस साल ऑस्ट्रेलिया की जीत का औसत 33.11 प्रतिशत रहा।

साल 2023 में कैसा रहा भारत का प्रदर्शन
क्या हुआ जो साल 2023 में टीम इंडिया ने दो बड़े आईसीसी खिताब अपने नाम नहीं किए, लेकिन भारतीय टीम का ऑलओवर प्रदर्शन तो शानदर रहा, भारत ने वर्ल्ड कप 2023 में लगातार 10 मुकाबले जीते जोकि भारत का किसी भी एक आईसीसी वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा लगातार जीत का नया रिकार्ड रहा। इसके लिए जितनी तारीफ की जाए कम है।
अपने प्रदर्शन के दम पर ही भारत ने साल 2023 में विश्व टेस्ट चैंपियनशिप और वनडे विश्व कप के फाइनल में जगह बनाई थी, लेकिन उन्हें किस्मत का साथ नहीं मिला और दोनों ही खिताबी मुकाबलों में ऑस्ट्रेलिया से शिकस्त झेलनी पड़ी। इस साल भारत ने कुल 60 मैच खेले, जिसमें 42 मैच में जीत और 14 में हार का सामना करना पड़ा है, जबकि एक मैच 2 ड्रॉ और 2 मैच बेनतीजा रहे। साल 2023 में तीनों फॉर्मेट में नंबर वन की रैंकिंग वाली टीम इंडिया की जीत का औसत 38.58 का रहा है।
नंबर तीन पर रही साउथ अफ्रीका
साल 2023 में साउथ अफ्रीका क्रिकेट टीम ने जमकर पसीना बहाया। अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर ही वे वनडे वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल तक पहुंच सके। हालांकि, उनका सफर तब समाप्त हो गया, जब सेमीफाइनल में उन्हें ऑस्ट्रेलिया के हाथों करारी शिकस्त झेलनी पड़ी। साल 2023 में साउथ अफ्रीका ने कुल 31 मैच में से 18 में जीत दर्ज की, जबकि 12 मैचों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है।
साल 2023 में कैसा रहा न्यूजीलैंड का प्रदर्शन
वर्ल्ड कप 2023 में एक समय पर तो न्यूजीलैंड को खिताब का दावेदार माना जाने लगा था, लेकिन सेमीफाइनल में उनका सामना टीम इंडिया से हुआ, और यहीं से उनकी उम्मीदों को भी विराम लग गया, और न्यूजीलैंड को टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा था। इस साल न्यूजीलैंड ने कुल 55 मैच में से 25 में जीत और 25 में हार सामना किया, जबकि एक मैच टाई, एक ड्रॉ और 2 मैच बेनतीजा रहे।
साल 2023 में कैसा रहा पाकिस्तान का प्रदर्शन
पाकिस्तान टीम के लिए ये साल किसी बुरे सपने से कम नहीं था। इस साल उनका प्रदर्शन इतना खराब रहा कि वे वर्ल्ड कप का फाइनल तो दूर सेमीफाइनल तक में नहीं पहुंच पाए। साल 2023 में पाकिस्तान ने कुल 39 मैच खेले हैं, जिसमे से उन्हें 20 में जीत और 16 मैचों में हार का सामना करना पड़ा है, जबकि एक मैच ड्रॉ और 2 मैच बिना किसी नतीजे के समाप्त हो गए।












Click it and Unblock the Notifications