यशस्वी ने बताया अपनी आतिशी पारी का राज, सूर्या-वीवीएस ने कही थी खास बात
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे टी-20 मुकाबले में टीम इंडिया ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए लगातार दूसरी जीत दर्ज की है। भारत ने इस मैच में ऑस्ट्रेलिया को 44 रनों से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने रनों का अंबार लगा दिया और टीम इंडिया ने 235 रन बना डाले।
मैच में यशस्वी जयसवाल ने जबरदस्त बल्लेबाजी करते हुए 53 रनों की आतिशी पारी खेली। यशस्वी जयसवाल ने महज 25 गेंदों पर 53 रनों की पारी खेली। इस पारी में यशस्वी ने 2 छक्के और 9 चौके लगाए।

इस पारी की बदौलत टीम इंडिया ने पहले विकेट के लिए 77 रनों की साझेदारी की। टीम इंडिया ने महज 5.4 ओवर में 77 रन बना डाले। इस पारी में अकेले जयसवाल ने 53 रन ठोक डाले।
मैच में जबरदस्त पारी खेलने के बाद यशस्वी जयसवाल को मैन ऑफ द मैच के खिताब से नवाजा गया। मैच में जीत के बाद यशस्वी ने कहा कि यह मेरे लिए बेहद खास था। मैं अपने सभी शॉट्स खेलने की कोशिश कर रहा था।
मैं निर्भीक होकर खेलने की कोशिश कर रहा था। मैं अपने फैसले को लेकर आश्वस्त था। मुझे सूर्या भाई और वीवीएस सर ने कहा था कि जाओ और खुलकर खेलो। मुझसे कहा गया था कि खुद को मैदान पर दिखाओ।
मेरे लिए सिर्फ यही अहम है कि मैं खुद को बेहतर करूं और कुछ नहीं। मैं अभी भी सीख रहा हूं। पिछले मैच में यह मेरी गलती थी, मैंने रितुराज को इसके लिए सॉरी भी कहा था। मैं अपनी गलती मानता हूं। रितु भाई अच्छे हैं और खयाल रखते हैं। मैं अपनी फिटनेस पर काम कर रहा हूं। अपने सभी शॉट्स बेहतर कर रहा हूं। मैं अभ्यास में भरोसा करता हूं।
बता दें कि मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 235 रन बनाए। इस लक्ष्य का पीक्षा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की टीम सिर्फ 191 रन ही बना सकी। भारत की ओर से प्रसिद्ध कृष्णा और रवि बिश्नोई ने 3-3 विकेट अपने नाम किए। जबकि अर्शदीप सिंह, अक्षर पटेल, मुकेश कुमार ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।












Click it and Unblock the Notifications