VIDEO: शतक जड़ते ही भागकर रोहित शर्मा के पास पहुंचे यशस्वी जायसवाल, कप्तान को लगाया गले और फिर...
Yashasvi Jaiswal Hugs Rohit Sharma: वेस्टइंडीज के खिलाफ भारतीय टीम ने दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक अपनी स्थिति बेहद मजबूत कर ली है। पहली पारी के आधार पर दूसरे दिन भारत ने 162 रनों की बढ़त ले ली है। तीसरे दिन टीम की कोशिश इस बढ़त को और बढ़ाने की होगी। भारतीय टीम ने अपनी पहली पारी में 2 विकेट के नुकसान पर 312 रन बना लिए हैं और तीसरे दिन वह इससे आगे खेलना शुरू करेगी।
रोहित-जायसवाल का शतक: मैच के दूसरे दिन भारत की तरफ से कप्तान रोहित शर्मा और युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने शतक लगाने का कारनामा किया। रोहित शर्मा ने अपने टेस्ट करियर का दसवां शतक जड़ा तो वहीं यशस्वी जायसवाल ने अपने डेब्यू टेस्ट में शतक जड़कर कई रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए। रोहित ने भी वेस्टइंडीज के खिलाफ ही 10 साल पहले 2013 में अपना पहला टेस्ट शतक लगाया था।

यशस्वी जायसवाल 143 रन बनाकर नाबाद: यशस्वी जायसवाल 143 रन बनाकर नाबाद हैं। तीसरे दिन वह अपनी इस पारी को और विशाल बनाने की कोशिश करेंगे। यशस्वी के पास तीसरे दिन दोहरा शतक जड़कर डेब्यू मैच में इतिहास रचने का मौका भी होगा। जायसवाल और कोहली के बीच अब तक तीसरे विकेट के लिए शानदार 72 रनों की साझेदारी हो चुकी है।
रोहित को लगाया गले: इस बीच सोशल मीडिया पर जायसवाल का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में वह शतक लगाने के बाद कप्तान रोहित शर्मा को गले लगाते हुए नजर आ रहे हैं। जायसवाल ने शतक लगाते ही भागकर रोहित को गले लगा लिया। ड्रेसिंग रूम में मौजूद खिलाड़ी भी जायसवाल के शतक पर तालियां बजाते हुए नजर आए।
भारत के लिए तीसरे ओपनर: जायसवाल भारत की ओर से डेब्यू में शतक लगाने वाले तीसरे सलामी बल्लेबाज बन गए हैं। जायसवाल और रोहित ने पहले विकेट के लिए 229 रन की साझेदारी कर एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया। इस शतक के बाद जायसवाल भारतीय टीम के लिए नया सितारा बनकर सामने आए हैं। भारत को लंबे समय से ओपनिंग में बाएं हाथ के बल्लेबाज की तलाश थी।












Click it and Unblock the Notifications