Ajinkya Rahane: घरेलू मैच और IPL ने बदली अजिंक्य रहाणे की किस्मत, एक साल बाद हुई टेस्ट क्रिकेट में वापसी
WTC Final: अनुभवी बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे की घरेलू क्रिकेट और आईपीएल 2023 में शानदार प्रदर्शन के बाद टीम इंडिया में वापसी हो गई है।आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल मैच के लिए भारतीय टीम में रहाणे का नाम भी शामिल है।

WTC 2023 Final: आईपीएल 2023 के 16वें सीजन में चेन्नई सुपरकिंग्स किंग्स के बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने अपने बल्ले से जो कमाल दिखाया है, उससे स्पष्ट हो गया कि भारतीय टेस्ट टीम के पूर्व उप-कप्तान के अंदर अभी भी मैच का परिणाम बदलने की काबिलियत है। सीएसके लिए शानदार बल्लेबाजी कर रहे रहाणे के लिए बीच आईपीएल में एक अच्छी खबर मिली है। दरअसल, आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल मैच के लिए भारतीय टीम का ऐलान हो चुका है, जिसमें रहाणे का नाम भी शामिल है।
बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर रहाणे ने टेस्ट क्रिकेट में की वापसी
दरअसल, बीसीसीआई ने 15 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। सबसे ज्यादा हैरान करने वाली बात ये है कि इस टीम में भारतीय टेस्ट टीम के उप-कप्तान रहे अजिंक्य रहाणे का नाम भी शामिल है, जिन्होंने आखिरी टेस्ट मैच जनवरी 2022 में खेला था, और इसके बाद से वह टेस्ट टीम से बाहर चल रहे हैं, लेकिन रहाणे ने आईपीएल के 16वें सीजन में जो वापसी की उसे देखकर हर कोई उनके प्रदर्शन की प्रशंसा कर रहा है।
कम होने लगी थी रहाणे की वापसी की संभावना
आज जिस खिलाड़ी की बल्लेबाजी की लोग सराहना करते नहीं थक रहे हैं, उन्होंने एक ऐसा समय भी देखा, जब पहले भारतीय टेस्ट टीम के उप-कप्तान का पद गंवाया और फिर टीम इंडिया में अपनी जगह से भी हाथ धो बैठे। आईपीएल से पहले लगने लगा था कि, अब टेस्ट टीम में रहाणे की वापसी की संभावना बहुत कम है, लेकिन बीसीसीआई ने अपने इस नायाब हीरे को फिर से उसकी सही जगह पर पहुंचा दिया। ऐसे में अब एक बार फिर रहाणे भारतीय टीम के लिए टेस्ट मैच खेलते नजर आएंगे।
अजिंक्य रहाणे का टेस्ट करियर
अजिंक्य रहाणे का टेस्ट रिकॉर्ड बेहद ही शानदार रहा है। उन्होंने 82 टेस्ट की 140 पारियों में 39 की औसत से 4931 रन बनाए हैं। 12 शतक और 25 अर्धशतक लगाए हैं, जिसमें 188 रन की बेहतरीन पारी भी शामिल है, वह विदेशी पिचों पर अपने अच्छे प्रदर्शन के लिए जाने जाते हैं। रहाणे के लिए साल 2021-22 टेस्ट करियर का सबसे खराब सीजन रहा। इस दौरान वह 15 टेस्ट की 27 पारियों में कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर सके, जबकि सिर्फ तीन अर्धशतक उनके खाते में आए, लेकिन अब उन्होंने फिर से अपने बल्ले से कमाल दिखाना शुरू कर दिया है।
रहाणे ने पहले रणजी फिर आईपीएल में दिखाया दम
अजिंक्य रहाणे आखिरी बार 2022 में दक्षिण अफ्रीका के अपने दौरे में टीम इंडिया के लिए खेलने गए थे, हालांकि, साल 2023 रहाणे के लिए काफी शानदार रहा है, और लगातार अच्छे प्रदर्शन के दम पर ही वे टीम में वापसी कर रहे हैं। रहाणे का चयन चोटिल श्रेयस अय्यर और ऋषभ पंत की अनुपस्थिति में हो रहा है। रहाणे ने रणजी ट्रॉफी 2022-23 में मुंबई के लिए 634 रन बनाए, जिसमें 7 मैचों में दोहरे शतक सहित 2 शतक जड़े। वह आईपीएल 2023 में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए 200 के करीब की स्ट्राइक रेट से शानदार फॉर्म में हैं।
ये भी पढ़ें- अजिंक्य रहाणे की हुई धमाकेदार वापसी, टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के लिए भारतीय टीम का ऐलान
WTC फाइनल के लिए इंडिया की टीम
रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली, अजिंक्य रहाणे, केएल राहुल, केएस भरत (विकेटकीपर), रविचंद्रन अश्विन, रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल, शार्दुल ठाकुर, मो. शमी, मो. सिराज, उमेश यादव, जयदेव उनादकट।
Recommended Video












Click it and Unblock the Notifications