अजिंक्य रहाणे की हुई धमाकेदार वापसी, टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के लिए भारतीय टीम का ऐलान
रोहित शर्मा की कप्तानी वाली भारतीय टीम फाइनल में ऑस्ट्रेलिया से भिड़ेगी, मुकाबला जून में होगा।

Indian Team for World Test Championship Final: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप के लिए भारतीय टीम की घोषणा कर दी गई है। बीसीसीआई ने अपने ट्विटर हैंडल से इस बारे में जानकारी दी है। टीम इंडिया में 15 खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। खास बात यह है कि एक दिग्गज खिलाड़ी की वापसी हुई है
भारतीय टेस्ट टीम में अजिंक्य रहाणे की वापसी हो गई है। आईपीएल में धमाका कर रहे रहाणे को फिर से टीम इंडिया में शामिल किया गया है। रहाणे का ओवरसीज रिकॉर्ड भी अच्छा है। फाइनल मैच 7 जून से द ओवल में भारत और ऑस्ट्रेलिया की टीमों के बीच खेला जाएगा।
उल्लेखनीय है कि भारतीय टेस्ट टीम में किसी भी खिलाड़ी को उपकप्तान नहीं बनाया गया है। रोहित शर्मा के पास ही दोनों अधिकार फ़िलहाल दिखाई दे रहे हैं। रहाणे को आईपीएल में धमाकेदार बल्लेबाजी करने का तोहफा मिला है। इसके अलावा उनका अनुभव भी काम आया है।
अजिंक्य रहाणे ने आईपीएल में इस सीजन चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलते हुए धाकड़ बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया है। अब तक उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेले गए 5 मैचों में 209 रन बनाये हैं। इस दौरान उनके बल्ले से दो अर्धशतक आए हैं। नाबाद 71 रन उनका सर्वाधिक स्कोर है।
कीपर के तौर पर केएस भरत को ही रखा गया है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू सीरीज में उनका बल्ला नहीं चला था। इशान किशन को शामिल नहीं किया गया है। उनके अलावा सूर्यकुमार यादव को भी टीम से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है। फाइनल मैच के लिए ऑस्ट्रेलिया ने अपनी टीम का ऐलान पहले ही कर दिया था।
भारतीय टीम में ये खिलाड़ी शामिल हैं
रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली, अजिंक्य रहाणे, केएल राहुल, केएस भरत, रविचंद्रन अश्विन, रविन्द्र जडेजा, अक्षर पटेल, शार्दुल ठाकुर, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, उमेश यादव और जयदेव उनादकट।












Click it and Unblock the Notifications