WPL Auction 2023: हरियाणा की छोरी शेफाली वर्मा भी बनी करोड़पति, दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें 2 करोड़ में खरीदा
हाल ही में भारत को अंडर 19 टी20 वर्ल्ड कप जिताने वालीं शेफाली वर्मा को दिल्ली कैपिटल्स ने 2 करोड़ रुपए में खरीद लिया है। शेफाली का बेस प्राइज 50 लाख रुपए था।

हाल ही में भारत की महिला अंडर 19 टीम को टी20 वर्ल्ड कप का चैंपियन बनाने वालीं टीम की कप्तान शेफाली वर्मा भी महिला प्रीमियर लीग की नीलामी में करोड़पति बन गई हैं। दरअसल, 50 लाख के बेस प्राइज वाली शेफाली को दिल्ली कैपिटल्स ने 2 करोड़ रुपए में खरीदा है। शेफाली वर्मा भारतीय महिला टीम की दाएं हाथ की बल्लेबाज हैं और अभी वो दक्षिण अफ्रीका में टी20 वर्ल्ड कप खेल रही भारतीय टीम का हिस्सा हैं। शेफाली वर्मा हरियाणा के रोहतक जिले की रहने वाली हैं और उन्होंने 15 साल की उम्र में अपना इंटरनेशनल डेब्यू कर लिया था।
शेफाली के लिए दिल्ली, मुंबई और आरसीबी में चली होड़
शेफाली वर्मा को खरीदने के लिए पहली बोली दिल्ली कैपिटल्स ने ही 50 लाख की लगाई थी। शुरुआत में आरसीबी ने इस बोली में दिल्ली को कड़ी टक्कर दी। 1 करोड़ की बोली तक दिल्ली और बेंगलुरु की लड़ाई चलती रही, लेकिन 1.10 करोड़ रुपए की बोली के बाद आरसीबी ने अपने हाथ खींच लिए। इसके बाद मुंबई ने 1.30 करोड़ रुपए की बोली लगाई। दिल्ली और मुंबई के बीच 1.90 करोड़ रुपए तक लड़ाई चली और आखिरी में दिल्ली ने 2 करोड़ में शेफाली को अपनी टीम में शामिल कर लिया। शेफाली को दिल्ली कैपिटल्स का कप्तान बनाया जा सकता है।
शेफाली वर्मा ने भारत के लिए अभी तक 52 टी-20 मैच खेले हैं। जहां उन्होंने 24.78 की एवरेज से 1264 रन बनाए हैं। उन्होंने इस दौरान 5 अर्धशतक भी लगाए हैं। इसके अलावा शेफाली ने 21 वनडे मैचों में 531 रन बनाए हैं। जिसमें तीन अर्धशतक शामिल हैं।












Click it and Unblock the Notifications