MS Dhoni से तुलना पाने वाली क्रिकेटर की WPL में एंट्री! बिना कपड़ों की वायरल हो गई थी तस्वीर?
WPL 2026 Gujarat Giants: महिला प्रीमियर लीग (WPL 2026) के आगाज से पहले गुजरात जायंट्स ने एक बड़ा दांव खेला है। इंग्लैंड की महान पूर्व क्रिकेटर सारा टेलर को टीम का नया फील्डिंग कोच नियुक्त किया गया है। दुनिया की सर्वश्रेष्ठ विकेटकीपरों में शुमार सारा टेलर का टीम से जुड़ना खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाएगा, उनके आने से टीम को फायदा मिलने की उम्मीद है।
गुजरात की कोचिंग यूनिट मजबूत (WPL 2026 Gujarat Giants)
गुजरात जायंट्स ने इस सीजन के लिए एक बेहद मजबूत कोचिंग यूनिट तैयार की है। सारा टेलर अब मुख्य कोच माइकल क्लिंगर, बॉलिंग कोच प्रवीण तांबे और विश्लेषक सौरभ वाल्कर के साथ मिलकर काम करेंगी। सारा का अनुभव विशेष रूप से टीम की फील्डिंग और विकेटकीपिंग तकनीक को बेहतर बनाने में काम आएगा, जो टी20 जैसे तेज फॉर्मेट में जीत-हार का अंतर तय करते हैं।

धोनी और संगकारा जैसा कद
सारा टेलर का अंतरराष्ट्रीय करियर करीब 13 साल लंबा रहा है। उन्होंने इंग्लैंड के लिए 226 मैचों में 6,500 से ज्यादा रन बनाए हैं। हालांकि, उनकी असली पहचान स्टंप्स के पीछे उनकी बिजली जैसी फुर्ती थी। उनकी तुलना अक्सर भारत के पूर्व कप्तान एम.एस. धोनी से की जाती रही है। 2019 में संन्यास के समय, वे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा स्टंपिंग करने के मामले में धोनी और कुमार संगकारा के बाद तीसरे स्थान पर थीं। उनकी इन्हीं उपलब्धियों के कारण साल 2025 में उन्हें आईसीसी हॉल ऑफ फेम में शामिल किया गया था।
कोचिंग में भी गाड़े हैं झंडे
मैदान छोड़ने के बाद सारा ने कोचिंग में भी कई रिकॉर्ड तोड़े। वह इंग्लैंड की सीनियर पुरुष काउंटी टीम (ससेक्स) में विशेषज्ञ कोच बनने वाली पहली महिला बनीं। इसके अलावा उन्होंने इंग्लैंड लायंस और कई प्रोफेशनल टीमों के साथ काम किया है। उनकी तकनीकी समझ और खिलाड़ियों को निखारने की क्षमता उन्हें गुजरात जायंट्स के लिए एक 'परफेक्ट फिट' बनाती है।
बिना कपड़ों की तस्वीर हुई थी वायरल
महिलाओं की स्वास्थ्य समस्याओं से जुड़े एक अभियान के तहत सारा ने बिना कपड़ों के फोटोशूट कराई थी जो काफी चर्चा में रही थी। सारा ने उस वक्त कहा था कि हर लड़की को अपने शरीर पर गर्व करना चाहिए। सारा ने इंस्टग्राम पर भी अपनी तस्वीर शेयर की थी और पोस्ट किया था कि जो लोग भी मुझे जानते हैं उन्हें ये पता है कि इसमें सहज नहीं हूं, लेकिन मैं इस अभियान का हिस्सा बनकर गर्व महसूस कर रही हूं।
10 जनवरी से अभियान का आगाज
एशले गार्डनर की कप्तानी वाली गुजरात जायंट्स अपने अभियान की शुरुआत शनिवार 10 जनवरी को नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्पोर्ट्स एकेडमी में यूपी वॉरियर्स के खिलाफ करेगी। टीम प्रबंधन को उम्मीद है कि सारा टेलर के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों की फील्डिंग और कैचिंग की सटीकता बढ़ेगी, जिससे रन रोकने और विकेट चटकाने के अधिक मौके बनेंगे।












Click it and Unblock the Notifications