WPL 2026: दिल्ली-गुजरात भिड़ंत को तैयार, पिछली बार बने थे 414 रन, क्या फिर लगेगा रनों का अंबार?
WPL 2026 Delhi Capitals: महिला प्रीमियर लीग (WPL 2026) अपने निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुकी है। मंगलवार को होने वाले 17वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स (DC) का सामना गुजरात जायंट्स (GG) से होगा। दिल्ली की टीम जहां रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) जैसी मजबूत टीम को हराकर आत्मविश्वास से लबरेज है। वहीं गुजरात जायंट्स की कोशिश अपनी बल्लेबाजी में निरंतरता तलाशने की होगी।
दिल्ली कैपिटल्स की धमाकेदार वापसी (WPL 2026 Delhi Capitals)
जेमिमा रोड्रिग्स की कप्तानी में दिल्ली कैपिटल्स अब तक की सबसे बैलेंसड टीमों में से एक रही है। पिछले मैच में टेबल-टॉपर RCB को सात विकेट से मात देकर दिल्ली ने अंक तालिका में दूसरा स्थान हासिल कर लिया है। हालांकि, टीम के लिए सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा की फॉर्म चिंता का विषय बनी हुई है। दक्षिण अफ्रीकी दिग्गज लॉरा वोल्वार्ड्ट और लिजेल ली ने ऊपरी क्रम को मजबूती दी है, लेकिन कप्तान जेमिमा खुद भी इस सीजन में रनों के लिए संघर्ष करती दिखी हैं।

गेंदबाजों ने दिखाया दम
दिल्ली की असली ताकत उसकी गेंदबाजी बनकर उभरी है। पिछले मैच में RCB को महज 100 रनों के आसपास समेटना गेंदबाजों के दबदबे को बताता है। युवा तेज गेंदबाज नंदिनी शर्मा, अनुभवी मारिज़ान काप और स्पिनर श्री चरणी की तिकड़ी ने विपक्षी बल्लेबाजों पर अंकुश लगाया है। हालांकि, श्री चरणी के लिए यह मैच व्यक्तिगत चुनौती होगा, क्योंकि पिछली बार गुजरात के बल्लेबाजों ने उनके खिलाफ जमकर रन बटोरे थे।
गुजरात जायंट्स को होगी वापसी की उम्मीद
गुजरात जायंट्स फिलहाल 6 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है। टीम की सबसे बड़ी समस्या उनके स्टार खिलाड़ियों का एक साथ प्रदर्शन न कर पाना रहा है। सोफी डिवाइन ने पिछले मैच में अर्धशतक जड़कर फॉर्म में वापसी के संकेत दिए हैं, जो टीम के लिए राहत की बात है। कप्तान एशले गार्डनर और बेथ मूनी से भी टीम को एक बड़ी पारी की दरकार है, ताकि मध्यक्रम पर दबाव कम हो सके।
पिछली बार हुई थी चौके-छक्कों की बरसात
इस सीजन में जब पिछली बार ये दोनों टीमें टकराई थीं, तो गुजरात ने 200 से अधिक रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था और दिल्ली को बेहद करीबी मुकाबले में 4 रन से हराया था। दिल्ली उस हार का हिसाब चुकता करना चाहेगी, जबकि गुजरात अपनी उसी लय को दोहराने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।












Click it and Unblock the Notifications