'दुनिया की बेहतरीन T20 बल्लेबाज' के सामने ढेर हुए GGT, MIW की जीत के बाद आकाश चोपड़ा हुए मुरीद
Women's IPL 2023: मुंबई इंडियंस वूमेन्स की जीत के बाद आकाश चोपड़ा हुए इस बल्लेबाज के मुरीद, दुनिया की बेस्ट टी20 बल्लेबाज में एक बताया।

महिला प्रीमियर लीग (Women Premier League) आगाज मुंबई इंडियंस और गुजरात जायंट्स के बीच से हुआ जहां हरमनप्रीत कौर (Harmanpreet Kaur) की टीम ने 143 रनों से जबरदस्त जीत दर्ज की। पूर्व भारतीय क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने सिर्फ 30 गेंदों में 65 रन बनाने के बाद मुंबई इंडियंस वूमेन्स (Mumbai Indians Womens) कप्तान की जमकर तारीफ की। हरमन को प्लेयर ऑफ द मैच भी घोषित किया गया जिनके प्रदर्शन के बूते मुंबई इंडियंस की टीम ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 207 रन बनाए थे। जवाब में गुजरात जायंट्स बहुत ही घटिया खेल दिखाकर 15.1 ओवर में आउट हो गए।
मुंबई इंडियंस की शुरुआत अच्छी नहीं रही क्योंकि यस्तिका भाटिया एक धीमी पारी के बाद मैच के तीसरे ओवर में आउट हो गईं। लेकिन हेले मैथ्यूज और नेट साइवर-ब्रंट ने अर्धशतकीय साझेदारी की जिसके बाद हरमनप्रीत कौर का तूफान आया जहां भारतीय कप्तान ने अपनी 14 चौके लगाकर बल्लेबाजी की मास्टरक्लास को पेश किया। अमीला केर ने भी 24 गेंदों पर नाबाद 45 रनों की पारी खेली।
ये वो क्रिकेट जो मुंबई इंडियंस का ब्रांड रहा है। कम से कम उनकी महिला टीम ने इसकी फिर से शुरुआत की है जो ताजगी भरी है। पुरुष टीम पिछले दो सीजनों से जंग खाई दिख रही है जहां इस बार जोफ्रा आर्चर वापस भी आ जाएं तो जसप्रीत बुमराह नहीं होंगे। रोहित उम्र के साथ ढल चुके हैं और पांड्या बंधुओं के जाने व कीरोन पोलार्ड की विदाई के बाद यह टीम पहले जैसी नहीं रह गई है।
ऐसे में एमआई की महिला टीम का प्रदर्शन ठंडी हवा के ताजा झोंके के समान है। आकाश चोपड़ा ने कहा, "गुजरात ने शानदार शुरुआत की, यास्तिका भाटिया को शुरुआत में ही आउट कर दिया लेकिन उसके बाद हेले मैथ्यूज और फिर हरमनप्रीत कौर ने जिस तरह से खेला। उन्होंने चौकों की झड़ी लगा दी और दिखाया कि वह दुनिया की बेहतरीन टी20 बल्लेबाजों में से एक हैं। उन्होंने अच्छे स्वीप और कट खेले और उनकी ड्राइविंग असाधारण थी।"
सत्रहवें ओवर में हरमनप्रीत के आउट होने के बाद अमेलिया केर ने अपना जलवा बिखेर दिया। फिर बाद में गेंदबाजी के दौरान भी मुंबई इंडियंस विपक्षी टीम पर हावी रही और उन्हें 64 रन पर आउट कर दिया। आकाश चोपड़ा ने 11 रन देकर 4 विकेट लेने वाली बायें हाथ की स्पिनर सायका इशाक की तारीफ।
आकाश ने कहा, "अमीलिया केर न्यूजीलैंड की एक अद्भुत ऑलराउंडर हैं। जब आप 207 का पीछा कर रहे होते हैं, तो आपको एक अच्छी शुरुआत की जरूरत है। लेकिन बेथ मूनी चोटिल हो गईं। एक के बाद एक विकेट गिरते रहे। साइका इशाक ने आकर चार विकेट लिए। बल्लेबाज आ रहे थे और जा रहे थे। एशले गार्डनर शून्य पर आउट हो गई। सब बर्बाद हो गया।"












Click it and Unblock the Notifications