PAK vs SL: कुसल मेंडिस और समरविक्रमा ने जड़ा शतक, पाकिस्तान के सामने 345 रनों का लक्ष्य
PAK vs SL, 8th Match, ICC Cricket World Cup 2023: पाकिस्तान के खिलाफ श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 9 विकेट खोकर 344 रन बना लिए हैं। पाकिस्तान को इस मुकाबले को जीतने के लिए 345 रन बनाने होंगे। श्रीलंका के कप्तान दसून शनाका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। श्रीलंका के लिए कुसल मेंडिस ने सबसे अधिक 122 रन बनाने का काम किया।
कुसल मेंडिस ने बनाए 122 रन: कुसल मेंडिस ने 65 गेंद में शतक जड़ते हुए एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया। वह वर्ल्ड कप में श्रीलंका की तरफ से सबसे तेज गति से 100 रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। मेंडिस से पहले कुमार संगाकारा ने 70 गेंदों में शतक जड़ा था। इस मैच में मेंडिस 77 गेंद में 122 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में 14 चौके और छह छक्के लगाए। हसन अली ने मेंडिस को पवेलियन भेजने का काम किया।

समरविक्रमा का पहला शतक: अपने वनडे करियर में सदीरा समरविक्रमा ने पहला शतक लगाया। वह 89 गेंदों में 108 रन बनाकर हसन अली की गेंद पर कैच आउट हो गए। श्रीलंका की शुरुआत खराब रही और कुसल परेरा खाता खोले बिना ही आउट हो गए। हसन अली ने परेरा को विकेटकीपर रिजवान के हाथों कैच आउट कराया। कुसल ने चार गेंदों का सामना किया, लेकिन अपना खाता तक नहीं खोल सके। पाकिस्तान की तऱफ से हसन अली ने सबसे अधिक 4 विकेट झटकने में कामयाबी हासिल की।
श्रीलंका: पथुम निसांका, कुसल परेरा, कुसल मेंडिस (विकेटकीपर), सदीरा समरविक्रमा, चरिथ असालंका, धनंजय डे सिल्वा, दसून शनाका (कप्तान), दुनिथ वेलालगे, महीश तीक्ष्णा, मथीशा पथिराना, दिलशान मदुशंका।
पाकिस्तान: अब्दुल्ला शफीक, इमाम-उल-हक, बाबर आजम (कप्तान), मोहम्मद रिजवान (विकेटकीपर), सऊद शकील, इफ्तिखार अहमद, मोहम्मद नवाज, शादाब खान, हसन अली, शाहीन अफरीदी, हारिस रऊफ।












Click it and Unblock the Notifications