सीन विलियम्स ने खेली ODI में ऐतिहासिक पारी, जिंबाब्वे ने USA के खिलाफ रच दिया इतिहास
ICC Cricket World Cup Qualifiers 2023: जिंबाब्वे क्रिकेट टीम (Zimbabwe Cricket Team) वर्ल्ड कप क्वालीफायर 2023 टूर्नामेंट में काफी अच्छा खेल दिखा रही है, जहां उन्होंने अपने ग्रुप स्टेज के अभी तक सभी मैच जीते हैं।
जिंबाब्वे का सामना ग्रुप ए के एक और मुकाबले में यूनाइटेड स्टेट्स से हो रहा है, जहां अफ्रीकी टीम ने इतिहास रचते हुए 50 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 408 रनों का विशाल लक्ष्य स्कोर खड़ा किया।

जिंबाब्वे ने अपने वनडे क्रिकेट के इतिहास में एक नया कीर्तिमान दर्ज किया है क्योंकि इससे पहले क्रिकेट की इस जुझारू टीम ने अपने वनडे इतिहास में अभी तक 400 से ऊपर का आंकड़ा दर्ज नहीं किया था।
इस दौरान कप्तान सीन विलियम्स ने कमाल की बल्लेबाजी करते हुए जिंबाब्वे की ओर से सबसे तेज वनडे शतक भी लगाया है। इस खिलाड़ी ने 21 चौके और पांच छक्के जड़कर इतिहास रचने वाली पारी खेली है, जिसमें 101 गेंदों पर ही 174 रनों का स्कोर बनाया।
विलियम्स ने जिंबाब्वे की कप्तानी करते हुए सामने से आकर मोर्चा संभाला और उनके इर्द-गिर्द बाकी सभी बल्लेबाजों की पारियां घूमती रही। इस दौरान ओपनर जे जुंबी ने 103 गेंदों पर 78 रनों की पारी खेली।
सिकंदर रजा ने एक और स्टार परफॉरमेंस देते हुए 27 गेंदों पर 48 रनों की पारी खेली। रेयान बर्ल निर्मम रहे, जिन्होंने 16 गेंदों पर 47 रनों का तूफान खड़ा कर दिया। यूएसए की ओर से अभिषेक परादकर ने 9 ओवर में 78 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। जबकि जेसी सिंह की ऐसी पिटाई हुई कि उन्होंने 10 ओवर में 97 खर्च कर दिए।
आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप क्वालीफायर 2023 के लिए सुपर सिक्स की छह टीमें तय हो चुकी है जिसमें जिंबॉब्वे, नीदरलैंड, वेस्टइंडीज, श्रीलंका, स्कॉटलैंड और ओमान शामिल हैं। जिंबॉब्वे इस समय ग्रुप ए में तीन मैच खेल चुकी है, और तीनों में उनको जीत मिली है। फिलहाल अमेरिका के खिलाफ उनका अंतिम लीग मैच चल रहा है जिसको वे आसानी से जीत लेंगे।












Click it and Unblock the Notifications