World Cup: 4 गेंदों में 4 विकेट गिरते ही टूटा वर्ल्ड कप का सपना, आखिरी ओवर में जीता हुआ मैच हार गई टीम
World Cup, 4 wickets in 4 balls: आईसीसी महिला वर्ल्ड कप में बांग्लादेश की टीम का निराशाजनक प्रदर्शन जारी है। श्रीलंका के खिलाफ एक आसान जीत की ओर बढ़ते हुए, टीम को आखिरी ओवर में केवल 9 रन चाहिए थे। लेकिन कप्तान चमारी अथापथ्थु की शानदार गेंदबाजी और फील्डिंग के दम पर श्रीलंका ने एक हैरान करने वाली जीत हासिल कर ली।
आखिरी ओवर में जीत के लिए चाहिए थे 9 रन (World Cup, 4 wickets in 4 balls)
203 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए बांग्लादेश की कप्तान निगार सुल्ताना (77 रन) और सलामी बल्लेबाज शर्मिन अख्तर (64 रन) ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। शर्मिन के चोटिल होकर बाहर जाने के बाद भी निगार क्रीज पर टिकी रहीं और अपनी टीम को जीत के बेहद करीब ले गईं। आखिरी छह गेंदों पर जब बांग्लादेश को केवल 9 रन की दरकार थी और निगार क्रीज पर मौजूद थीं, तब किसी ने नहीं सोचा था कि यह मैच श्रीलंका के पक्ष में चला जाएगा।

4 गेंदों में गिर गए 4 विकेट
लेकिन क्रिकेट में चमत्कार होते हैं, और श्रीलंका की कप्तान चमारी अथापथ्थु ने दबाव में लाजवाब प्रदर्शन किया। आखिरी ओवर की पहली गेंद पर रबेया खान एलबीडब्ल्यू आउट हो गईं। इसके बाद घबराहट और खराब तालमेल का ऐसा सिलसिला शुरू हुआ कि अगली ही गेंद पर नाहिदा अख्तर रन आउट हो गईं। तीसरी गेंद पर निगार सुल्ताना जो अब तक पारी की रीढ़ थीं, आउट हो गईं और चौथी गेंद पर मरुफा अख्तर के एलबीडब्ल्यू होते ही बांग्लादेश की टीम 9 विकेट खोकर 195 रनों पर अटक गई। इस तरह बांग्लादेश ने चार गेंदों में चार विकेट खोकर जीती हुई बाजी हार की ओर मोड़ दी और 7 रन से मुकाबला गंवा दिया।
वर्ल्ड कप से बाहर होने वाली पहली टीम बनी बांग्लादेश
इस हार से बांग्लादेश न सिर्फ जीत का एक और मौका गंवा बैठी, बल्कि आधिकारिक तौर पर विश्व कप से बाहर होने वाली पहली टीम भी बन गई है। वहीं, टूर्नामेंट में बिना किसी जीत के उतरने वाली श्रीलंका के लिए यह मुकाबला किसी संजीवनी से कम नहीं है। हसिनी परेरा ने बल्ले से शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ 85 रन बनाया, जिसने श्रीलंका को 202 के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।
हार के बाद कप्तान का बयान
मैच के बाद निराश बांग्लादेशी कप्तान निगार सुल्ताना ने कहा कि शुरुआत से यह हमारा मैच था... लेकिन चोटिल होने और फिर अहम चरणों में विकेट खोने से हमने लय खो दी। हम तीन मैच इसी तरह से हार चुके हैं, यह दिल तोड़ने वाला है। अथापथ्थु के इस आखिरी ओवर के जादुई प्रदर्शन ने श्रीलंका की सेमीफाइनल की उम्मीदों को जिंदा रखा है, जबकि बांग्लादेश को अब अपने बचे हुए मैच में सिर्फ सांत्वना की तलाश होगी।












Click it and Unblock the Notifications