'वर्ल्ड कप भले ही नहीं जीते पर पाकिस्तान से नहीं हारना है', जेमिमा रोड्रिगेज से किसने की ये गुजारिश
Women's T20 World Cup 2024, Jemimah Rodrigues: भारत को 4 अक्तूबर को न्यूजीलैंड के खिलाफ टी-20 वर्ल्ड कप का अपना पहला मुकाबला खेलना है। पिछले साल महिला विश्व कप 2023 के सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत को मिली करारी हार के बाद टीम इंडिया टूर्नामेंट से बहर हो गई थी। दक्षिण अफ़्रीका के केपटाउन में सिर्फ़ पांच रन से भारत को हार का सामना करना पड़ा था। जिसके साथ ही टीम का वर्ल्ड कप जीतने का सपना भी टूट गया।
पिछले साल सेमीफाइनल में मिली थी हार
इस हार ने के बाद टीम के खिलाड़ी बेहद मायूस हो गए थे। लेकिन अब भारतीय महिला टीम यूएई में होने वाले टी 20 विश्व कप के लिए तैयार हैं। भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत 4 अक्टूबर को न्यूज़ीलैंड के साथ मैच से करेगी, उसके बाद पाकिस्तान के साथ हाई वोल्टेज मैच खेलेगी।

जेमिमा रोड्रिग्स ने दिलाई थी टीम को जीत
पिछले साल विश्व कप के दौरान जेमिमा रोड्रिग्स ने पाकिस्तान पर भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। वर्ल्ड कप से पहले टॉप फॉर्म में न होने के बावजूद भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर जेमिमा रोड्रिगेज ने दिल की बात कही है। उन्होंने पिछला मैच याद करते हुए कहा कि पूरी दुनिया देख रही थी। खासकर भारत में आप जानते हैं कि भारत-पाकिस्तान मैच के दौरान क्या होता है।
'वर्ल्ड कप जीते या नहीं पाकिस्तान से नहीं हारना है'
उन्होंने बताया कि बिल्डिंग का एक चौकीदार मेरे पास आकर कहता हैं कि विश्व कप जीते या न जीते, पाकिस्तान के खिलाफ नहीं हारना आप लोगों को। बता दें कि जेमिमा रोड्रिग्स ने बल्लेबाज़ के रूप में अपनी पहचान बनाई है। टी-20 विश्व कप में वह पांचवें नंबर पर खेलती नजर आ सकती हैं। उन्होंने कहा कि पांचवें नंबर पर आप पहले से ही स्थिति को जानते हैं और वहां से आपको जो भी आता है उसे स्वीकार करना होता है। इसलिए मैं इस पर बहुत काम कर रही हूं, जैसे पहली गेंद से ही पूरी ताकत लगाना क्योंकि कभी-कभी मैच में आपको एक गेंद पर छह रन की आवश्यकता हो सकती है और मैं पांचवें नंबर पर इसके लिए तैयार रहना चाहती हूं।
बता दें कि साल 2023 विश्व कप के दौरान भारत के सामने पाकिस्तान ने 150 रनों का लक्ष्य रखा था। इसे चेज करते हुए टीम ने छठे ओवर में ही पहला विकेट गंवा दिया। इसके बाद जेमिमा बल्लेबाजी के लिए आईं और 38 गेंद में 58 रन की नाबाद पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई। जेमिमा इस तरह के प्रदर्शन को दोहराना चाहेगी।












Click it and Unblock the Notifications