World Cup 2023: रोमांचक हुई सेमीफाइनल की रेस, सिर्फ 2 टीमें अपने दम पहुंच सकती हैं, 5 टीमें राम भरोसे
World Cup 2023: विश्वकप में सेमीफाइल की रेस काफी रोमांचक हो गई है। श्रीलंका के खिलाफ एक तरफ जहां भारत ने विशालकाय 302 रन की जीत के साथ सेमीफाइनल में धमाकेदार एंट्री की है तो दूसरी तरफ सेमीफाइनल की बाकी 3 टीमों की रेस में 8 टीमें आ गई हैं।
सेमीफाइनल की रेस अब बेहद रोमांचक हो गई है। यहां तक कि अफगानिस्तान भी सेमीफाइनल की रेस में बरकरार है। अगर अफगानिस्तान की टीम नीदरलैंड को आज के मुकाबले में हरा देती है सेमीफाइनल का मुकाबला और भी रोमांचक हो जाएगा।

सेमीफाइनल की रेस हुई रोमांचक
भारत एकमात्र ऐसी टीम है जिसके 14 अंक हैं और सिर्फ दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के पास ही यह मौका है कि वह 14 अंक हासिल कर सके। दोनों ही टीमें अभी टॉप 3 में हैं।
7 मैचों में से 6 में जीत दर्ज करके 12 अंकों के साथ दक्षिण अफ्रीका दूसरे पायदान पर है। तो 6 मैचों में से 4 में जीत दर्ज करके ऑस्ट्रेलिया तीसरे पायदान पर है। लिहाजा दोनों ही टीमें 14 अंक हासिल कर सकती हैं और आसानी से अपने दम पर सेमीफाइनल में अपनी जगह बना सकती हैं।
पांच टीमें किस्मत के भरोसे
बाकी की टीमों की बात करें तो न्यूजीलैंड की टीम ने 7 में से 4 मैचों में जीत दर्ज करके 8 अंक हासिल किए हैं, पाकिस्तान ने 7 मैंचो में से 3 में जीत दर्ज करके 6 अंक हासिल किए हैं, अफगानिस्तान ने 6 मैचों में से 3 में जीत दर्ज करके 6 अंक अपने नाम किए हैं।
अफगानिस्तान के लिए खेल अभी बाकी है
अफगानिस्तान की टीम सेमीफाइनल की रेस को काफी दिलचस्प बना सकती है बशर्ते वह आज के मैच में नीदरलैंड की टीम को हरा दे। अगर वह नीदरलैंड की टीम को हरा देती है तो 7 मैचो में उसके 8 अंक हो जाएंगे।
हालांकि नीदरलैंड बाद उसके दो बड़ मुकाबले ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हैं। लेकिन अफगानिस्तान की टीम गेंदबाजी के साथ जबरदस्त बल्लेबाजी कर रही है, लिहाजा वह किसी भी टीम को अपने दिन हराने का माद्दा रखती है।
अपने दम पर सेमीस में पहुंच सकती है ऑस्ट्रेलिया
ऑस्ट्रेलिया की टीम की बात करें तो शुरुआत में उसे भारत और दक्षिण अफीका के हाथों एक तरफा हार का मुंह देखना पड़ा था। लेकिन उसके बाद कंगारुओं ने वापसी करते हुए श्रीलंका, पाकिस्तान, नीदरलैंड, न्यूजीलैंड के खिलाफ लगातार चार मैचों में जीत दर्ज की।
उसके अगले तीन मुकाबले इंग्लैंड अफगानिस्तान, बांग्लादेश के साथ है। लिहाजा जिस तरह की फॉर्म में ऑस्ट्रेलिया है इन तीन में से दो मैचों में तो जीत दर्ज कर सकती है।
पाकिस्तान की उम्मीदें
पाकिस्तान की टीम ने विश्वकप की शुरुआत काफी अच्छी की, नीदरलैंड और श्रीलंका के खिलाफ जीत दर्ज करके टीम मजबूत नजर आ रही थी। लेकिन उसके बाद पाकिस्तान की टीम को लगातार चार मैचों में हार का मुंह देखना पड़ा। पाकिस्तान की टीम भारत, अफगानिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हार का मुंह देखना पड़ा।
लेकिन पिछले मुकाबले में बांग्लादेश को हराकर टीम ने अपनी उम्मीदों को जिंदा रखा है। अगर पाकिस्तान की टीम न्यूजीलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ जीतती है तो सेमीफाइनल में पहुंचने की उसकी उम्मीदें जिंदा रहेंगी। हालांकि उसे दूसरी टीमों के नतीजों पर निर्भर रहना पड़ेगा।
दक्षिण अफ्रीका अब नहीं है चोकर!
विश्वकप में चोकर्स का टैग लेकर बैठी दक्षिण अफ्रीका की टीम इस बार जबरदस्त खेल का प्रदर्शन कर रही है। टीम ने 7 में से 6 मैचों में जीत दर्ज की है। टीम के 12 अंक हैं। ऐसे में अगर वह अगले दो में से एक मैच में जीत दर्ज कर लेती है तो सेमीफाइनल में उसकी जगह पक्की हो जाएगी।
दक्षिण अफ्रीका के अगले दो मैच भारत और अफगानिस्तान के खिलाफ हैं। लेकिन अगर दोनों ही मैचों में अफगानिस्तान की टीम हारती है तो उसे दूसरी टीमों के नतीजों पर निर्भर रहना होगा।
फंस सकती है न्यूजीलैंड?
वहीं न्यूजीलैंड की बात करें तो 7 में से 4 मैचों में जीत दर्ज करके किवी टीम 8 अंकों के साथ अंक तालिका में चौथे पायदान पर है। ऐसे में अगर न्यूजीलैंड की टीम पाकिस्तान और श्रीलंका के खिलाफ जीत दर्ज करती है तो सेमीफाइनल में पहुंचने की उसकी उम्मीदें जिंदा रहेंगी। हालांकि उसे दूसरी टीमों के नतीजे पर भी निर्भर रहना होगा।












Click it and Unblock the Notifications