World Cup 2023: एडेन मार्करम ने जड़ा वर्ल्ड कप का सबसे तेज शतक, दक्षिण अफ्रीका का उच्चतम स्कोर
World Cup 2023, SA vs SL: दक्षिण अफ्रीका ने वर्ल्ड कप में धमाका कर दिया है। श्रीलंका के खिलाफ मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने 5 विकेट के नुकसान पर 428 रनों का बड़ा स्कोर खड़ा कर दिया। दक्षिण अफ्रीका के लिए तीन बल्लेबाजों ने धमाकेदार शतकीय पारियां खेली।
टॉस जीतकर श्रीलंका ने पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया और गेंदबाजों ने इस निर्णय को सही स्साबित कर दिया। दक्षिण अफ्रीका के कप्तान टेम्बा बवुमा 8 रन के निजी स्कोर पर आउट हो गए। इसके बाद धमाका देखने को मिला और बड़ी भागीदारी हुई।

क्विंटन डी कॉक और रैसी वैन डर डुसेन ने तबाही मचाते हुए श्रीलंकाई टीम को कोई मौका नहीं दिया और तूफानी अंदाज में रन बनाए। दोनों ने अपने-अपने शतक पूरा किये। दूसरे विकेट के लिए डी कॉक और वैन डर डुसेन के बीच 200 से भी ज्यादा रनों की भागीदारी देखने को मिली।
डी कॉक 100 और वैन डर डुसेन 108 रन बनाकर आउट हो गए। यहाँ से एडेन मार्करम और हेनरिक क्लासेन के बल्ले से रन आए। दोनों ने रन गति को कम नहीं होने दिया। मार्करम ने पथिराना के एक ओवर में 26 रन बनाए। इस बीच क्लासेन 32 रनों के निजी स्कोर पर आउट हो गए।
एडेन मार्करम ने तूफानी अंदाज में बैटिंग करते हुए धमाका करते हुए वर्ल्ड कप का एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम करने में सफल रहे। वह 49 गेंदों में शतक जड़ने में सफल रहे। वनडे वर्ल्ड कप में उन्होंने सबसे तेज शतक जड़ने का रिकॉर्ड बना लिया। उनसे पहले केविन ओ'ब्रायन (50 गेंद) के नाम यह कीर्तिमान था। एक पारी में तीन बल्लेबाजों ने भी वर्ल्ड कप में पहले बार शतक जड़े हैं। यह भी एक रिकॉर्ड है।
दक्षिण अफ्रीका ने वर्ल्ड कप में सबसे बड़ा स्कोर भी हासिल कर लिया, इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने 417 रन बनाए थे। दिल्ली में यह किसी भी टीम का सबसे बड़ा स्कोर है। इसके अलावा श्रीलंका के खिलाफ वर्ल्ड कप में किसी भी टीम का यह सबसे बड़ा स्कोर है। अंतिम समय में डेविड मिलर ने धाकड़ बैटिंग करते हुए 21 गेंदों में नाबाद 39 रन बनाए। यानसेन ने नाबाद 12 रन बनाए और टीम को 5 विकेट पर 428 रनों के स्कोर तक पहुंचा दिया।












Click it and Unblock the Notifications