AUS vs ENG: ऑस्ट्रेलिया को इंग्लैंड ने किया 286 पर आउट, लाबुशेन की शानदार पारी
AUS vs ENG: इंग्लैंड के खिलाफ ऑस्ट्रेलियाई टीम की तरफ से सामूहिक प्रयास देखने को मिला। अहमदाबाद में पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलियाई टीम 286 रनों के कुल स्कोर पर ऑल आउट हो गई। लाबुशेन ने सबसे ज्यादा रन बनाए।
टॉस जीतकर इंग्लैंड ने पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। यह फैसला सही साबित हुआ। ऑस्ट्रेलियाई ओपनर ट्रेविस हेड 11 रन के निजी स्कोर पर आउट हो गए। वह क्रिस वोक्स का शिकार बने। बेहतरीन फॉर्म में चल रहे डेविड वॉर्नर भी क्रीज पर नहीं टिके, वह 15 रनों के निजी स्कोर पर चलते बने।

मुश्किल स्थिति से ऑस्ट्रेलिया को स्मिथ और लाबुशेन ने बाहर निकालने का काम किया। दोनों ने मिलकर तीसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय भागीदारी की। स्मिथ 44 रनों के निजी स्कोर पर आउट होकर पवेलियन लौट गए। जोश इंग्लिस आते ही 3 रन बनाकर आउट हुए लेकिन लाबुशेन ने फिफ्टी जमाई।
लाबुशेन अर्धशतक जमाने के बाद आउट हो गए। वह 71 रनों की पारी खेलने में सफल रहे। कैमरन ग्रीन अच्छी बल्लेबाजी करने में सफल रहे लेकिन वह अर्धशतक के करीब जाकर 47 रनों के निजी स्कोर पर विली का शिकार बन गए। इस तरह ऑस्ट्रेलिया को छठा झटका लगा।
मार्कस स्टोइनिस अच्छी शुरुआत के बाद 35 रनों के निजी स्कोर पर आउट हो गए। बाद में कुछ विकेट गिरे लेकिन निचले क्रम से एडम जैम्पा ने मोर्चा संभाल लिया। वह 19 गेंदों का सामना करते हुए 29 रनों के निजी स्कोर पर आउट होकर पवेलियन लौट गए।
अंतिम ओवर की तीसरी गेंद तक ऑस्ट्रेलिया की पारी 286 रनों के कुल स्कोर पर सिमट गई। इंग्लैंड के लिए वोक्स ने अच्छी गेंदबाजी करते हुए सबसे ज्यादा 4 विकेट अपने नाम किये। उनके अलावा मार्क वुड को 2 विकेट मिले। आदिल राशिद को भी 2 विकेट हासिल हुए। ऑस्ट्रेलिया की टीम 300 का आंकड़ा हासिल करना चाहती थी लेकिन ऐसा नहीं हो पाया।












Click it and Unblock the Notifications