Neeraj Chopra: नीरज चोपड़ा ने 88.77 मीटर के थ्रो के साथ वर्ल्ड चैम्पियनशिप फाइनल में किया प्रवेश
World Athletics Championships: ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता नीरज चोपड़ा ने वर्ल्ड एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में शानदार खेल का प्रदर्शन किया है। नीरज ने मेन्स जैवलिन थ्रो इवेंट में पहली ही कोशिश में 88.77 मीटर दूर भाला फेंककर फाइनल में जगह बना ली है। इस टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 27 अगस्त को खेला जाएगा।
नीरज चोपड़ा ने किया इस सीजन का दूसरा सबसे अच्छा थ्रो
नीली भारतीय जर्सी पहने हुए नीरज अपने भाले के साथ पिच पर आए और उसे पीली रेखा के पार फेंककर फाइनल में जगह पक्की कर ली। यह दुनिया में इस सीज़न का दूसरा सबसे अच्छा थ्रो है। टोक्यो ओलंपिक के रजत पदक विजेता जैकब वाडलेज्च ने सीजन का सर्वश्रेष्ठ 89.51 मीटर थ्रो किया है।

दरअसल, चोपड़ा इससे पहले ओरेगॉन में 2022 विश्व चैंपियनशिप में भारत के पहले विश्व चैंपियन बनने के बेहद करीब पहुंच गए थे, लेकिन ग्रेनाडा के एंडरसन पीटर्स के बाद दूसरे स्थान पर रहने के बाद उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा। हालांकि, यह विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भारत का पहला रजत पदक था और 2003 में पेरिस में लंबी कूद में अंजू बॉबी जॉर्ज के कांस्य पदक के बाद वैश्विक आयोजन में देश का दूसरा पदक था।
रविवार को होगा फाइनल मुकाबला
ओलंपिक, एशियाई खेलों और राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीतने के अलावा, 25 वर्षीय नीरज चोपड़ा डायमंड लीग चैंपियन भी हैं। हालांकि, भारतीय भाला फेंक खिलाड़ी ने कभी भी विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में शीर्ष पुरस्कार नहीं जीता है। नीरज अब रविवार को होने वाले 12-सदस्यीय फाइनल में प्रतिस्पर्धा करते समय स्वर्ण पदक पर नजर रखेंगे।
दरअसल, नीरज चोपड़ा ने पेरिस ओलंपिक 2024 के लिए भी क्वालिफाई कर लिया। यह टूर्नामेंट 26 जुलाई से लेकर 11 अगस्त तक खेला जाएगा। इस चैम्पियनशिप में नीरज चोपड़ा समेत दुनियाभर के 36 जैवलिन थ्रोअर ने भाग लिया है। यहां भी देश को चोपड़ा से बहुत उम्मीदें हैं।












Click it and Unblock the Notifications