Women World Cup: मिताली, हरमनप्रीत की पारियां गई बेकार, ऑस्ट्रेलिया ने भारत को हराया
ऑकलैंड, 19 मार्च: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने आईसीसी वर्ल्ड कप 2022 के 18वें मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया के हाथों मात खाई है। टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए यास्तिका भाटिया (59), कप्तान मिताली राज (68) की ठोस पारी और अंतिम ओवरों में हरमनप्रीत कौर के 47 गेंदों पर तूफानी 57 रनों की बदौलत चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा करने में मदद की।

भारतीय टीम को हालांकि इस मुकाबले में करारी हार का सामना करना पड़ा क्योंकि टीम इंडिया द्वारा सेट किए 277 रनों के टारगेट को ऑस्ट्रेलिया की महिला टीम कप्तान मेग लॉनिंग की 97 रनों की पारी के दम पर हासिल करने में कामयाब रही। इससे पहले विकेटकीपर एलिसा हेली के 65 गेंदों पर 72 रनों की पारी ने ऑस्ट्रेलिया का काम बहुत आसान कर दिया था।
भारत के लिए अंतिम ओवरों में पूजा वस्त्राकर ने भी हरमनप्रीत कौर का बखूबी साथ निभाया और केवल 28 गेंदों पर 34 रन जड़कर भारतीय पारी में सर्वाधिक दो छक्के भी लगाए। हालांकि भारत को स्कोर 300 प्लस करना चाहिए था लेकिन बीच के ओवरों में मिताली राज और भाटिया कुछ ज्यादा धीमी साबित हुईं।
यह भी पढ़ें- झूलन गोस्वामी के नाम हुआ ODI में जबरदस्त रिकॉर्ड, कपिल देव, जहीर खान की लिस्ट में जुड़ा नाम
ऑस्ट्रेलिया की गेंदबाजी में डॉर्सी ब्राउन ने 8 ओवर में 30 रन देकर 3 विकेट लिए। फिर बल्लेबाजी में ऑस्ट्रेलिया का कहर शुरू हुआ क्योंकि रचेल हायेन्स और एलिसा हेली ने पहले विकेट के लिए धुआंधार 121 रन जोड़कर भारत की हार की शिला रख दी। इसके बाद कप्तान मेग ने रही-सही कसर पूरी कर दी। एलिस पेरी ने 28 रनों की धीमी पारी खेली लेकिन बेथ मूनी 20 गेंदों 30 रन बनाकर अंत तक नाबाद रहीं। भारत की ओर से पूजा वस्त्राकर ने 10 ओवर में 43 रन देकर 2 विकेट लिए। झूलन गोस्वामी और मेघना सिंह महंगी साबित हुई।












Click it and Unblock the Notifications