धोनी की तरह आखिरी ओवर्स में लगाई रनों की झड़ी, हारकर भी जीत गई फैंस का दिल
भारतीय टीम ने गेंदबाजी में बेहतरीन शुरुआत की थी लेकिन इंग्लैंड ने एक चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा कर भारत को हरा दिया।

Women's T20 World Cup 2023: महिला टी20 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम की जीत का सिलसिला टूट गया। तीसरे मैच में इंग्लैंड के खिलाफ टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा। पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड ने 7 विकेट पर 151 रन बनाए। जवाब में खेलते हुए भारतीय टीम 5 विकेट पर 140 रन बना पाई। इंग्लैंड ने टीम इंडिया को 11 रनों से हरा दिया, स्मृति मंधाना के 52 रन भारतीय टीम के काम नहीं आए।
इंग्लैंड की रही खराब शुरुआत
टॉस हारकर पहले खेलते हुए इंग्लैंड ने जल्दी विकेट गंवाए। ओपनर बल्लेबाज डंकली 10 और डेनियल वायट बिना खाता खोले आउट हो गईं। उनके बाद एलिस कैप्सी भी 3 रन बनाकर आउट हो गईं। तीनों को रेणुका ठाकुर ने आउट किया। यहाँ से टीम को सम्भालने का काम इंग्लैंड की बल्लेबाज नताली सीवर ने किया। वह फिफ्टी जड़ने में सफल रहीं। उनके 50 रनों के अलावा एमी जोन्स ने भी 40 रन बनाए। हीदर नाइट के बल्ले से 28 रन आए और इंग्लैंड ने 7 विकेट पर 151 रन बनाए।
रेणुका ने झटके 5 विकेट
रेणुका ठाकुर ने भारत के लिए 15 रन देकर 5 विकेट झटके। शुरुआती तीन ओवरों में उनके नाम तीन विकेट थे। इसके बाद चौथे ओवर में भी वह दो विकेट लेने में सफल रहीं। रेणुका ठाकुर के अलावा भारत के लिए शिखा पांडे और दीप्ति शर्मा को 1-1 विकेट हासिल हुआ।
ऋचा और मंधाना की शानदार पारियां
जवाब में खेलते हुए भारत के लिए शेफाली वर्मा 8 और रोड्रिग्स 13 रन बनाकर आउट हो गईं। उनके बाद मंधाना ने धमाकेदार बल्लेबाजी की और टीम का स्कोर आगे बढ़ाया। हरमनप्रीत कौर 4 रन बना पाईं। मंधाना 41 गेंद में 52 रन बनाकर चलती बनीं। पूरी जिम्मेदारी ऋचा घोष के कंधों पर आ गई। वह अंत तक प्रयास करती रहीं। ऋचा 34 गेंदों में 47 रन बनाकर नाबाद लौटीं। उन्होंने अंतिम ओवर में 2 चौके और 1 छक्का भी जड़ा लेकिन टीम इंडिया 5 विकेट पर 140 रन तक पहुँच पाई। इंग्लैंड के लिए साराह ग्लेन ने सबसे ज्यादा 2 विकेट अपने नाम किये।












Click it and Unblock the Notifications