महिला आईपीएल 2023 के लिए फरवरी में होगी नीलामी, BCCI ने रजिस्ट्रेशन के लिए खिलाड़ियों के मांगे आवेदन
बोर्ड ने ऐलान किया है कि महिला आईपीएल 2023 के लिए फरवरी में नीलामी का आयोजन किया जाएगा और इसके लिए खिलाड़ी 26 जनवरी तक अपना रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं।

Women IPL 2023 Auction महिला आईपीएल के पहले संस्करण की तैयारी भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड की ओर से बहुत जोरशोर से चल रही हैं। बीसीसीआई की ओर से इस टूर्नामेंट को लेकर एक ताजा अपडेट जारी किया गया है। दरअसल, बोर्ड ने ऐलान किया है कि महिला आईपीएल 2023 के लिए फरवरी में नीलामी का आयोजन किया जाएगा और इसके लिए खिलाड़ी 26 जनवरी तक अपना रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। जानकारी के मुताबिक, 26 जनवरी शाम 5 बजे तक खिलाड़ियों को नीलामी के लिए रजिस्ट्रेशन कराना होगा।
कैप और अनकैप्ड खिलाड़ी करा सकते हैं रजिस्ट्रेशन
बीसीसीआई ने खिलाड़ियों को एक दस्तावेज भेजा है, जिसमें महिला आईपीएल को '2023 महिला टी20 लीग' के नाम से संबोधित किया गया है। इस नीलामी में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने वाले खिलाड़ियों के साथ-साथ वे खिलाड़ी भी अपना नाम दर्ज करवा सकते हैं, जिन्होंने अभी तक भारत के लिए डेब्यू नहीं किया है। इस दस्तावेज में बताया गया है कि डेब्यू कर चुके खिलाड़ियों के बेस प्राइज की शुरुआत 50 लाख, 40 लाख और 30 लाख रुपए होगी। रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रहेगी।
अनकैप्ड खिलाड़ियों का बेस प्राइज 20 लाख और 10 लाख होगा
वहीं अनकैप्ड खिलाड़ियों के लिए बेस प्राइज की श्रेणी को दो हिस्सों में बांटा गया है। अनकैप्ड खिलाड़ियों का शुरुआती बेस प्राइज 20 लाख और 10 लाख रुपए है। आपको बता दें कि महिला आईपीएल में पुरुष आईपीएल का ही प्रोटोकॉल लागू रहेगा। खिलाड़ियों के रजिस्ट्रेशन के बाद पांच टीम मालिक इस 'नीलामी रजिस्टर' की छंटनी करके एक नीलामी सूची तैयार करेंगे। इसके बाद इस लिस्ट को ऑक्शन के लिए प्रस्तुत किया जाएगा, जो खिलाड़ी नीलामी में नहीं चुने जाएंगे उन्हें फिर से मौका दिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications