Video: तिलक वर्मा के लिए साउथ अफ्रीका से आया खास संदेश, कुछ इस तरह जीत लिया बल्लेबाज का दिल
India vs West Indies, Tilak Verma Debut: वेस्टइंडीज के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज के पहले मुकाबले में तिलक वर्मा ने अपने शानदार प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया। तिलक ने अपने डेब्यू मैच में जबरदस्त अंदाज में 39 रनों की पारी खेली। हालांकि सीरीज की शुरूआत टीम इंडिया की हार के साथ हुई है, लेकिन तिलक को साउथ अफ्रीका से खास संदेश मिला है।
दरअसल, तिलक वर्मा की मुंबई इंडियंस (MI) टीम के साथी डेवाल्ड ब्रेविस ने भारतीय क्रिकेटर के लिए एक स्पेशल संदेश भेजा है। जहां भारत शुरुआती टी20 मैच में वेस्टइंडीज से चार रन से हार गया, वहीं वर्मा ने अपने पदार्पण मैच में बेहद प्रभावशाली प्रदर्शन किया। उन्होंने जॉनसन चार्ल्स को 3 रन पर वापस भेजने के लिए एक शानदार रनिंग कैच लिया। इसके अलावा बल्ले से उन्होंने 22 गेंदों में दो चौकों और तीन छक्कों की मदद से 39 रन बनाए।

गुरुवार को वेस्टइंडीज के खिलाफ डेब्यू करने के बाद तिलक वर्मा को तब काफी आश्चर्य हुआ, जब उनके मुंबई इंडियन टीम के साथी डेवाल्ड ब्रेविस ने एक वीडियो संदेश भेजा। दोनों के बीच मैदान के अंदर और बाहर काफी अच्छा रिश्ता है।
डेवाल्ड ब्रेविस ने वीडियो संदेश में कहा कि, हैलो ब्रदर मुझे उम्मीद है कि तुम बहुत ज्यादा एक्साइटेड होगे। मुझे नहीं पता कि मैं तुमसे ज्यादा एक्साइडेट हूं या नहीं, लेकिन मैं अपनी तरफ से और ब्रेविस फैमिली की तरफ से तुम्हें मुबारकबाद देना चाहता हूं।'
ब्रेविस ने आगे कहा कि, आपके और आपके परिवार के लिए यह बहुत खुशी का पल है। मैं बस कल्पना कर सकता हूं कि आपके माता-पिता और हर कोई कितना खुश होगा। तुम्हें वहां अपने सपनों को जीते हुए देखना बहुत अच्छा है।तुमने दूसरी और तीसरी गेंद पर जिस तरह से प्रदर्शन किया मेरे रोंगटे खड़े हो गए हैं। तुम बस इतना जान लो कि मेरी ओर से तुम्हें हमेशा सपोर्ट रहेगा। आगे के मैच के लिए शुभकामनाएं। तुम भारत के लिए हर मैच जीतो।'
ब्रेविस से एक खास संदेश मिलने के बाद वर्मा की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। 20 वर्षीय क्रिकेटर ने कहा कि, 'मुझे बहुत अच्छा लगा। यह एक अद्भुत पल था। मैं सोच रहा था कि यह मेरे कोच या परिवार में से किसा का संदेश हो सकता है, लेकिन ये तो मेरे भाई डेवाल्ड ब्रेविस थे, मैं वास्तव में बहुत खुश हूं। बहुत बहुत धन्यवाद मेरे भाई, जल्द ही मिलते हैं।'
मैच की बात करें तो वर्मा की प्रभावशाली पारी के बावजूद भारत 150 के लक्ष्य का पीछा करने में विफल रहा। टीम इंडिया के विकेट नियमित अंतराल पर गिरते रहे, जिसके कारण 145/9 पर पारी समाप्त हो गई। भारत ने टॉस हारकर पहले गेंदबाजी की। अर्शदीप सिंह और युजवेंद्र चहल ने दो-दो विकेट लेकर वेस्टइंडीज को 149/6 पर रोक दिया। हालांकि, भारत की अनुभवहीन बल्लेबाजी लक्ष्य का पीछा करते हुए लड़खड़ा गई और वे अपना 200वां टी20 मैच हार गए।












Click it and Unblock the Notifications