IND vs USA: कौन हैं भारत के मोनांक पटेल? रोहित शर्मा के खिलाफ होंगे अमेरिका के कप्तान
Who is Monank Patel: भारतीय टीम को अब अगला मैच मेजबान टीम यूएसए के खिलाफ खेलना है। यह वही टीम है जिसने पाकिस्तानी टीम को सुपर ओवर में धूल चटाई थी। यूएसए की टीम घरेलू कंडीशंस में धमाकेदार खेल का प्रदर्शन करने में सफल रही है। अब तक खेले गए दोनों मैचों में जीत दर्ज की है।
यूएस और भारतीय टीम का मुकाबला 12 जून को खेला जाएगा। एक बार फिर से उसी नसाऊ काउंटी क्रिकेट ग्राउंड पर यह मुकाबला खेला जाना है, जहाँ भारत और पाकिस्तान का मैच हुआ था। भारतीय टीम का इस स्टेडियम में यह कुल तीसरा मैच होगा। यूएस की कप्तानी एक भारतीय करेगा और यह एक दिलचस्प स्टोरी है।

यूएसए की कप्तानी करेगा भारतीय खिलाड़ी
जब भारत और यूएसए के बीच मैच का टॉस होगा, तो मैदान पर एक अलग ही नजारा देखने को मिलेगा। दोनों टीमों का टॉस करने के लिए दो भारतीय मैदान पर होंगे। भारतीय टीम से कप्तान रोहित शर्मा जाएँगे और विपक्षी टीम से एक और भारतीय मोनांक पटेल मैदान पर होंगे।
गुजरात से आते हैं मोनांक
मोनांक पटेल गुजरात के आणंद से आते हैं। उनका जन्म 1 मई 1993 को हुआ था। वह यूएस की टीम से साल 2018 से खेल रहे हैं। उनको टॉप ऑर्डर बल्लेबाज के रूप में जाना जाता है। यूएस जाने से पहले वह अंडर 16 और अंडर 18 में गुजरात के लिए खेले थे। इसके बाद उनको ग्रीन कार्ड मिला और रेस्टोरेंट खोलने के लिए वह 2016 में यूएस चले गए।
अंतरराष्ट्रीय करियर
मोनांक पटेल ने यूएस के लिए सफेद गेंद क्रिकेट के दोनों प्रारूप में क्रिकेट खेला है। एकदिवसीय क्रिकेट में उन्होंने 47 मुकाबले खेलकर 1446 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 10 फिफ्टी और 2 शतक जमाए हैं। टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में उन्होंने 27 मुकाबले खेलकर कुल 507 रन अपने नाम किये हैं।
टी20 वर्ल्ड कप में अहम जिम्मेदारी
यूएसए की टीम से उनको टी20 वर्ल्ड कप के दौरान एक अहम जिम्मा मिला। टीम का कप्तान बनाकर भेजने के बाद मोनांक ने भी निराश नहीं किया। पहली बार पाकिस्तान जैसी बड़ी टीम को हराते हुए यूएस ने इतिहास रच दिया और इस जीत के साथ मोनांक का नाम हमेशा के लिए इतिहास के पन्नो में दर्ज हो गया।












Click it and Unblock the Notifications