कौन हैं इब्राहिम जादरान, जिन्होंने तोड़ा शुभमन गिल का रिकॉर्ड, अभी तक नहीं खेला है कोई IPL मैच
AFG vs SL: आइए जानते हैं कौन हैं अफगानिस्तान के इब्राहिम जादरान जो ना केवल विराट कोहली के जर्सी को पहनकर खेलते हैं बल्कि अपनी काबिलियत से अफगान के कोहली भी साबित हो सकते हैं।

Sri Lanka vs Afghanistan ODI Series: अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के नए सितारे हैं इब्राहिम जादरान (Ibrahim Zadran) जिन्होंने बहुत कम समय में ही एक ऐसा नाम बना लिया है कि उनमें विश्व क्रिकेट के टॉप क्लास बल्लेबाज की झलक देखी जा रही है। जादरान की 98 रनों की पारी के दम पर अफगानिस्तान की टीम को श्रीलंका के खिलाफ ताजा जीत मिली।
एशिया के सबसे तेज 500 वनडे रन बनाने वाले बल्लेबाज-
अफगानिस्तान ने श्रीलंका को तीन मैचों की वनडे सीरीज में उन्हीं के ही घर पर 6 विकेट से हरा दिया। इस क्रम में जादरान ने शुभमन गिल के रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया। जादरान ने 9 पारियों में ही 500 प्लस वन डे इंटरनेशनल रन बनाकर एशिया में इमाम उल हक के सबसे तेज 500 वनडे रन बनाने के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है और शुभमन गिल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।
वनडे और टी20 में रिकॉर्ड-
गिल ने यह रिकॉर्ड 10 पारियों में बनाया था। अगर विश्व क्रिकेट में सबसे कम पारियों में 592 रन बनाने की बात करें तो यह दक्षिण अफ्रीका के जानेमन मलान का है जिन्होंने सिर्फ 7 वनडे पारियों में 500 रन बना दिए थे। जादरान केवल 21 साल के हैं और उन्होंने अभी तक 9 वनडे मैचों की 9 पारियों में 3 शतक समेत 66.37 की औसत के साथ 521 रन बना दिए हैं। उन्होंने T20 क्रिकेट में भी 22 मैचों में 500 रन बनाए हुए हैं।
टेस्ट मैचों में भी शानदार शुरुआत-
इस खिलाड़ी ने चार टेस्ट मैच भी खेले हुए हैं जहां उन्होंने 44.50 की औसत से 356 रन बनाए हैं। खास बात ये है कि जादरान भी विराट कोहली के जर्सी नंबर 18 को पहनकर ही खेलते हैं और ऐसा कोई कारण नहीं है कि वे अफगानिस्तान के विराट कोहली नहीं बन सकते।
कौन हैं जादरान-
जादरान की उम्र 21 साल और 173 दिन है। वे एक दाए हाथ के ओपनर हैं। जादरान सबसे पहले दिसंबर 2017 में अफगानिस्तान क्रिकेट टीम में 2018 अंडर-19 वर्ल्ड कप के लिए चुने गए थे। उन्होंने अपनी प्रतिभा की झलक दिखाते हुए अफगानिस्तान के लिए टूर्नामेंट में सर्वाधिक रन बनाए थे।
इसके बाद अगस्त 2019 में उनको बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट टीम में चुना गया। यह मुकाबला 5 सितंबर 2019 को खेला गया था। उन्होंने 11 नवंबर 2019 को वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे डेब्यू किया और 14 नवंबर 2019 को वेस्टइंडीज के खिलाफ ही अपना टी20 डेब्यू भी किया।
श्रीलंका के खिलाफ खेलना भाता है-
जादरान पिछले साल से तो गजब की फॉर्म में हैं, जहां उन्होंने जिंबाब्वे के खिलाफ अपना पहला वनडे शतक लगाया। पिछले साल नवंबर में श्रीलंका के खिलाफ अपना दूसरा वनडे शतक लगाया। इसी सीरीज के तीसरे मुकाबले में उन्होंने 162 रन बनाकर रिकॉर्ड कायम कर दिया जो उनके देश के लिए वनडे फॉर्मेट में किसी खिलाड़ी द्वारा बनाया गया सर्वोच्च स्कोर है। जादरान को श्रीलंका के खिलाफ खेलना इतना भाता है कि वह इस टीम के खिलाफ 4 पारियों में 106, 10, 162 और 98 रन बना चुके हैं।
आईपीएल में अभी तक नहीं खेलें हैं-
मजेदार बात यह है यह सनसनीखेज बल्लेबाज अभी तक आईपीएल का हिस्सा नहीं बना है। लेकिन ऐसा कोई कारण दिखाई नहीं देता कि वह अगले सीजन में की नीलामी में आईपीएल फ्रेंचाइजी की निगाहों में नहीं होंगे। अफगानिस्तान के खिलाड़ियों ने आईपीएल में काफी नाम कमाया है जिसमें राशिद खान और मोहम्मद नबी तो पुराने दिग्गज है लेकिन रहमनुल्लाह गुरबाज, फजहलक फारूखी, नूर अहमद, नवीन उल हक ने भी बताया है कि अफगान खिलाड़ी आईपीएल के बहुत बड़े स्टार साबित हो सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications