कौन हैं RCB के नए बॉस आर्यमन बिड़ला? कभी राजस्थान रॉयल्स में थे खिलाड़ी, अब 16000 करोड़ खर्च कर बने मालिक
Who is Aryaman Birla: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के आगाज़ से पहले क्रिकेट जगत में एक बहुत बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। दिग्गज कारोबारी कुमार मंगलम बिड़ला के बेटे आर्यमन बिड़ला अब रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के नए चेयरमैन नियुक्त किए गए हैं। यह बदलाव तब हुआ जब आदित्य बिड़ला समूह के नेतृत्व वाले एक शक्तिशाली कंसोर्टियम ने करीब 16,700 करोड़ रुपये की भारी-भरकम राशि में यूनाइटेड स्पिरिट्स लिमिटेड से इस फ्रैंचाइजी की पूरी हिस्सेदारी खरीद ली।
इस ऐतिहासिक डील में टाइम्स ऑफ इंडिया ग्रुप और ब्लैकस्टोन जैसे बड़े नाम भी शामिल हैं, लेकिन टीम की कमान अब 28 वर्षीय आर्यमन बिड़ला के हाथों में होगी। आर्यमन बिड़ला का क्रिकेट से रिश्ता केवल एक बिजनेसमैन के तौर पर नहीं है, बल्कि वह खुद एक मंझे हुए खिलाड़ी रह चुके हैं।

राजस्थान रॉयल्स के पूर्व खिलाड़ी
दिलचस्प बात यह है कि साल 2018 के आईपीएल ऑक्शन में राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें 30 लाख रुपये के बेस प्राइस पर अपनी टीम में शामिल किया था। हालांकि, उस दौरान उन्हें मैदान पर उतरने का मौका नहीं मिल सका और वे दो सीजन तक बेंच पर ही बैठे रहे। इसके बाद साल 2020 की नीलामी से पहले राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें रिलीज कर दिया था।
घरेलू क्रिकेट में प्रदर्शन
एक खिलाड़ी के तौर पर शुरू हुआ उनका यह सफर आज एक ऐसे मोड़ पर आ गया है जहां वे उसी लीग की सबसे लोकप्रिय टीमों में से एक के मालिक बन चुके हैं। घरेलू क्रिकेट में आर्यमन ने मध्य प्रदेश के लिए खेलते हुए अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया था। उन्होंने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में एक शानदार शतक भी जड़ा है, जो उन्होंने कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स मैदान पर बंगाल के खिलाफ बनाया था। उन्होंने कुल 9 प्रथम श्रेणी मैचों में 414 रन बनाए।
क्रिकेट से क्यों लिया ब्रेक?
हालांकि, जब उनका करियर परवान चढ़ रहा था, तब उन्होंने मानसिक स्वास्थ्य और एंजायटी के कारण क्रिकेट से एक अनिश्चितकालीन ब्रेक ले लिया था। उस वक्त उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी भावनाओं को साझा करते हुए कहा था कि वे खुद को फंसा हुआ महसूस कर रहे हैं और उन्हें अपनी भलाई के लिए खेल से दूरी बनानी होगी।
नई भूमिका के साथ की वापसी
अब आर्यमन बिड़ला एक नई भूमिका में वापस लौटे हैं। वर्तमान में वे आदित्य बिड़ला मैनेजमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड के निदेशक हैं और अब आरसीबी के चेयरमैन के रूप में नेतृत्व करेंगे। एक पूर्व क्रिकेटर होने के नाते उनसे उम्मीद की जा रही है कि वे टीम की रणनीतियों और खिलाड़ियों की जरूरतों को बेहतर ढंग से समझ पाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications