Amol Muzumdar: कौन हैं भारत को वर्ल्ड चैंपियन बनाने वाले अमोल मजूमदार? जीत के बाद हरमनप्रीत कौर ने छुए पैर
Who Is Amol Muzumdar: भारतीय क्रिकेट के इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ गया है। भारतीय महिला टीम ने आखिरकार अपना पहला आईसीसी महिला वर्ल्ड कप 2025 का खिताब जीतकर देश का नाम रोशन किया है। इस ऐतिहासिक जीत का श्रेय खिलाड़ियों के धमाकेदार प्रदर्शन के साथ-साथ टीम के हेड कोच अमोल मजूमदार को भी जाता है। जिसकी बदौलत ऐसा संभव हो सका।
अमोल मजूमदार का जीत में रहा अहम रोल (Who Is Amol Muzumdar)
मुंबई के डी वाई पाटिल स्टेडियम में फाइनल मुकाबले में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 52 रनों से हराकर ट्रॉफी हासिल की। शैफाली वर्मा और दीप्ति शर्मा के पावर-पैक्ड प्रदर्शन ने भारत की जीत को सुनिश्चित किया, लेकिन सभी की निगाहें उस शख़्स पर टिकी थीं जिसने इस टीम को विश्व चैंपियन बनाया। अमोल मजूमदार का नाम भारतीय क्रिकेट में काफी पॉपुलर रहा है।

कौन हैं अमोल मजूमदार
अमोल मजूमदार घरेलू क्रिकेट के एक बड़े रन-स्कोरर रहे हैं, जिनका करियर अंतरराष्ट्रीय मंच पर चमकने से चूक गया। उनके फर्स्ट-क्लास करियर के आंकड़े उनकी प्रतिभा की गवाही देते हैं। उन्होंने 171 मैच में 11,167 रन और 30 शतक जड़े थे। अपनी शानदार बल्लेबाजी और तेज क्रिकेटिंग दिमाग के बावजूद उन्हें कभी भी भारत के लिए खेलने का मौका नहीं मिला।
बतौर कोच टीम को दिलाई ट्रॉफी
मजूमदार के जीवन की एक कहानी उनके शुरुआती दिनों से जुड़ी है, जब वह सचिन तेंदुलकर और विनोद कांबली की प्रसिद्ध 664 रन की साझेदारी के दौरान पैड पहनकर अपनी बारी का इंतजार करते रहे थे। दो दिन का यह इंतजार दो दशकों तक 'इंडिया कैप' के इंतजार में बदल गया। जिस शख्स को सालों तक अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा, उसी ने दशकों बाद बल्ले से नहीं बल्कि एक कोच के रूप में भारत को बड़ी उपलब्धि दिलाया।
जीत के बाद कही बड़ी बात
वर्ल्ड कप जीतने के बाद मजूमदार की खुशी साफ झलक रही थी। उन्होंने कहा कि टीम ने इसके लिए बेहद कड़ी मेहनत की है और यह भारतीय क्रिकेट के लिए एक 'वाटरशेड मोमेंट' है। उन्होंने कहा कि हम ड्रेसिंग रूम में जिस एक चीज के बारे में बहुत बात करते थे, वह थी फील्डिंग और फिटनेस। उन्होंने विश्व कप फाइनल के दिन बस उसे कई गुना बढ़ा दिया।
कप्तान कौर ने छूए पैर
भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने जब नवी मुंबई के डी वाई पाटिल स्टेडियम में अपना पहला आईसीसी महिला विश्व कप 2025 खिताब जीता तो जीत का उत्साह चरम पर था। इस दौरान कप्तान हरमनप्रीत कौर ने कोच अमोल मजूमदार के पैर छूए। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।












Click it and Unblock the Notifications