आकाश मधवाल: टेनिस बॉल से खेलने वाला इंजीनियर जिसने 4 चार साल पहले लाल गेंद को हाथ भी नहीं लगाया था
मुंबई इंडियंस के युवा गेंदबाज आकाश मधवाल 4 साल पहले तक केवल टेनिस बॉल से ही क्रिकेट खेला करते थे। आपको जानकर ताज्जुब होगा कि उन्होंने इससे पहले लाल गेंद के हाथ भी नहीं लगाया था।

IPL 2023 in Hindi: आईपीएल 2023 में आकाश मधवाल (Akash Madhwal) मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) की नई खोज है। रोहित शर्मा पहले ही कह चुके हैं कि इस टीम से खेलने वाले कई खिलाड़ी कई सालों से भारत के लिए भी खेल रहे हैं। तिलक वर्मा, नेहल वडेरा के बाद आकाश मधवाल एक और भारतीय सनसनी बनकर उभरे हैं जो मुंबई इंडियंस के साथ-साथ भारतीय क्रिकेट टीम का भी भविष्य बन सकते हैं।
मधवाल ने आईपीएल के 16वें सीजन के एलिमिनेटर मुकाबले में लखनऊ सुपरजाइंट्स के खिलाफ 3.3 ओवर में 5 रन देकर पांच विकेट लेकर सनसनी मचा दी। इस प्रदर्शन के चलते मुंबई ने लखनऊ को 81 रनों से रौंदने में कामयाबी हासिल की है।
आकाश का बैकग्राउंड काफी दिलचस्प है क्योंकि वह 4 साल पहले तक टेनिस बॉल क्रिकेट खेलते थे और लाल गेंद को उन्होंने हाथ भी नहीं लगाया था। यह काफी दिलचस्प मामला है कि 29 साल के आकाश 25 साल की उम्र तक टेनिस बॉल क्रिकेट खेल रहे थे।
टेनिस बॉल क्रिकेट ने उनको यॉर्कर फेंकना सिखाया क्योंकि बाकी सभी गेंदों पर वहां निर्मम छक्के पड़ने के चांस ज्यादा रहते हैं। इतना ही नहीं, आकाश इंजीनियर भी हैं। वो बात अलग है कि क्रिकेट के लिए उन्होंने इंजनीयरिंग बैकग्राउंड और नौकरी भी छोड़ दी और इस खेल के जरिए नाम कमाने मैदान में आ गए। आकाश उत्तराखंड राज्य से आते हैं।
प्रतिभा को पहचान कैसे मिली- उत्तराखंड में आकाश की प्रतिभा को तत्कालीन कोच वसीम जाफर और वर्तमान कोच मनीष झा ने पहचाना जिसके चलते आकाश ने अपनी प्रैक्टिस में टेनिस बॉल छोड़कर रेड बॉल के साथ हाथ आजमाने शुरू कर दिए। नतीजा बहुत जल्दी देखने को मिला क्योंकि मधवाल 2023 के डोमेस्टिक सीजन से पहले सनसनी बनकर उभरे।
जल्द ही मिला मेहनत का इनाम- उसके बाद आकाश को उनके प्रयासों का इनाम मिला जब उन्हें उत्तराखंड की सफेद टीम का कप्तान बना कर दिया गया। आकाश ने उत्तराखंड के लिए 10 क्लास मैच खेले हैं जिसमें उनके नाम 12 विकेट है। वह 17 लिस्ट ए मैचों में 18 विकेट ले चुके हैं और 29 टी20 मैचों में 37 विकेट उनके नाम हैं।
जोफ्रा की चोट ने बनाया रास्ता- रोहित शर्मा एंड कंपनी ने पिछले सीजन में जब आकाश को लिया था तब सूर्यकुमार यादव चोटिल थे। सूर्यकुमार यादव के रिप्लेसमेंट के तौर पर मधवाल अपनी अधिक पहचान नहीं बना सके लेकिन इस सीजन में जब जोफ्रा आर्चर को भी चोट लग गई तो आकाश को बुलाया गया और फिर जो हुआ वह अपने आप में एक पूरी दास्तान है।
कमाल के बाद कमाल कर रहे हैं- आकाश ने अपने पहले मैच में पंजाब किंग्स के खिलाफ 30 रन दिए और बहुत प्रभावित नहीं किया लेकिन कप्तान और टीम मैनेजमेंट ने उनको बैक करते हुए टीम में शामिल किया। जिसके चलते आकाश ने गुजरात के खिलाफ 31 रन देकर 3 विकेट लिए और सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ वानखेड़े में 30 रन देकर चार विकेट लिए ।उसके बाद एलिमिनेटर मैच में जो हुआ वह इतिहास बन गया है और आकाश अपने आपमें कमाल बन गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications