17 छक्के, 11 चौके! कौन हैं अफगानिस्तान के उस्मान गनी? एक ओवर में 45 रन जड़ रच दिया इतिहास
Usman Ghani hit 45 runs in one over: एक ओवर 6 छक्के लगाने वाले कई खिलाड़ियों के बारे में सुना होगा। लेकिन क्या आपने किसी बल्लेबाज को एक ओवर में 45 रन बनाते हुए देखा है। कुछ ऐसा ही इंग्लैंड के ECS T10 टूर्नामेंट में देखने को मिला। जहां अफगानिस्तान के विस्फोटक बल्लेबाज उस्मान गनी ने एक ऐसा कारनामा कर दिया, जो आज तक किसी ने नहीं किया था। उन्होंने एक ही ओवर में 45 रन ठोककर नया विश्व रिकॉर्ड बना डाला।
एक ओवर में बन गए 45 रन (Usman Ghani hit 45 runs in one over)
1 अगस्त को ECS T10 England में लंदन काउंटी क्रिकेट क्लब और गिल्डफोर्ड के बीच मैच चल रहा था। लंदन के लिए ओपनिंग करने उतरे उस्मान गनी शुरू से ही धमाकेदार फॉर्म में थे। फिर आया 9वां ओवर, जो इतिहास बन गया। गिल्डफोर्ड के गेंदबाज विल एर्नी की गेंदों पर उस्मान गनी ने 6+नो बॉल, 6, 4+वाइड, 6, 4+नो बॉल, 6, 0, 6, 4 की स्ट्राइकिंग से एक ही ओवर में 45 रन जोड़ दिए। इसमें से 42 रन गनी के बल्ले से आए और बाकी 3 रन नो बॉल व वाइड से मिले।

43 गेंदों में बनाए नाबाद 153 रन
इससे पहले किसी भी प्रोफेशनल क्रिकेट मैच में इतने रन एक ओवर में नहीं बने थे। उस्मान गनी की पारी महज उस ओवर तक ही सीमित नहीं रही। उन्होंने 43 गेंदों में नाबाद 153 रन बनाए, जिसमें 17 छक्के और 11 चौके शामिल थे। उनका स्ट्राइक रेट रहा 355.81। उनके साथ ओपनिंग कर रहे इस्माइल बहरामी ने भी 19 गेंदों पर 61 रन ठोक दिए।
इन दोनों की बदौलत लंदन काउंटी की टीम ने 10 ओवर में बिना विकेट खोए 226 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया। जवाब में गिल्डफोर्ड की टीम सिर्फ 155 रन ही बना सकी और 71 रन से हार गई।
कौन हैं उस्मान गनी
29 साल के उस्मान गनी अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के ओपनर बल्लेबाज हैं। उन्होंने 2014 में इंटरनेशनल डेब्यू किया था। गनी ने अब तक 17 वनडे और 35 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। वनडे में उनके नाम 1 शतक और 2 अर्धशतक हैं, जबकि टी20 में उन्होंने 786 रन बनाए हैं, जिसमें 4 फिफ्टी शामिल हैं। साल 2023 में उस्मान गनी ने अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे और कहा था कि जब तक बोर्ड में "ईमानदार सेलेक्शन कमिटी" और सही मैनेजमेंट नहीं होगा, वो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से दूरी बनाए रखेंगे।












Click it and Unblock the Notifications