कौन हैं न्यूजीलैंड के आदित्य अशोक? वडोदरा में टीम इंडिया के खिलाफ खेल रहे पहला ODI, भारत में कहां से ताल्लुक
Who is Adithya Ashok: वडोदरा के मैदान पर जब भारत और न्यूजीलैंड की टीमें पहले वनडे के लिए आमने-सामने हैं, तो सबकी निगाहें एक ऐसे युवा खिलाड़ी पर टिकी हैं जो भले ही कीवी जर्सी पहनकर मैदान पर उतरा है, लेकिन उसकी जड़ें भारत की मिट्टी से जुड़ी हैं।
यह खिलाड़ी कोई और नहीं, बल्कि भारतीय मूल के लेग-स्पिनर आदित्य अशोक हैं। कीवी टीम की प्लेइंग इलेवन में अशोक को देखते ही फैंस जानने का प्रयास कर रहे हैं कि आखिर एक भारतीय क्यों दूसरे देश के लिए खेल रहा है।

कौन हैं आदित्य अशोक
आदित्य अशोक का भारत से गहरा नाता है। उनका जन्म तमिलनाडु के वेल्लोर में हुआ था। लेकिन जब वह महज चार साल के थे, तभी उनका परिवार न्यूजीलैंड के ऑकलैंड में जाकर बस गया। आदित्य के माता-पिता स्वास्थ्य सेवा से जुड़े हैं, उनकी माँ एक नर्स हैं और पिता रेडियोग्राफर। उनकी विदेश में परवरिश हुई, अब अपनी ही जन्मभूमि के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय मैच खेल रहे हैं।
हाथ पर रजनीकांत का टैटू और खास संदेश
आदित्य अशोक न केवल अपनी गेंदबाजी बल्कि अपनी स्टाइल के लिए भी चर्चा में रहते हैं। उनके गेंदबाजी वाले हाथ पर तमिल भाषा में एक टैटू बना है, जिस पर लिखा है 'En vazhi thani vazhi'। यह सुपरस्टार रजनीकांत की फिल्म 'पडयप्पा' का मशहूर डायलॉग है, जिसका अर्थ है 'मेरा रास्ता अलग है।' यह टैटू उन्होंने अपने दिवंगत दादाजी की याद में बनवाया है, जो रजनीकांत के बहुत बड़े प्रशंसक थे।
आखिर क्यों न्यूजीलैंड ने उन्हें वडोदरा में दिया मौका?
न्यूजीलैंड टीम मैनेजमेंट ने वडोदरा की स्पिन-फ्रेंडली पिच को देखते हुए आदित्य अशोक पर भरोसा जताया है। आदित्य ने इस सीरीज से पहले अपनी तैयारियों में कोई कसर नहीं छोड़ी है। उन्होंने खास तौर पर चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की हाई-परफॉर्मेंस अकादमी में ट्रेनिंग ली है, ताकि भारतीय पिचों पर गेंद को टर्न कराने और उछाल हासिल करने की कला सीख सकें।
भविष्य के सितारे के रूप में पहचान
आदित्य ने 2020 के अंडर-19 विश्व कप में अपनी प्रतिभा दिखाई थी और उसके बाद से वह न्यूजीलैंड के घरेलू क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। बांग्लादेश और यूएई के खिलाफ अपने शुरुआती मैचों में उन्होंने साबित किया कि वह दबाव में विकेट निकालना जानते हैं।












Click it and Unblock the Notifications