8 साल पहले करुण नायर के साथ टेस्ट खेलने वाले प्लेयर्स कहां हैं? कितने खिलाड़ी अब भी टीम इंडिया में मौजूद
इंग्लैंड के दौरे की टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम की घोषणा शनिवार को कर दी गई थी। इसमें करुण नायर को शामिल किया गया है, जो आठ साल के लम्बे अंतराल के बाद एक बार फिर से टीम इंडिया में जगह बनाने में सफल रहे हैं। घरेलू क्रिकेट में धमाकेदार खेल के कारण उनकी वापसी हुई है।
नायर ने अपने टेस्ट करियर के तीसरे ही मैच में इंग्लैंड के खिलाफ तिहरा शतक जमा दिया था। यह 2017 की बात है। भारत से वीरेंद्र सहवाग के बाद नायर ही ऐसे बल्लेबाज हैं, जिनके नाम टेस्ट क्रिकेट में तिहरा शतक है। हालांकि करियर में उन्होंने ज्यादा टेस्ट नहीं खेले।

साल 2017 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ धर्मशाला में करुण नायर ने अपना अंतिम टेस्ट खेला था और टीम से बाहर हो गए। उस सीरीज में उनका बल्ला खामोश रहा था। 4 पारियों में 54 रन बनाने के बाद उनकी जगह वापस नहीं बनी और वह आठ साल का लम्बा समय बिताकर आए हैं। ऐसे में यह जानने का प्रयास किया गया है कि आठ साल पहले उनके साथ टेस्ट खेलने वाले खिलाड़ी कहां हैं।
मुरली विजय-केएल राहुल
केएल राहुल और मुरली विजय ने धर्मशाला में उस मैच के दौरान भारत के लिए ओपन किया था। राहुल ने दोनों पारियों में फिफ्टी जमाई थी लेकिन विजय फ्लॉप रहे थे। मुरली विजय ने 11 और 8 रन बनाए थे। विजय तो अब रिटायर हो गए हैं लेकिन केएल राहुल इस बार इंग्लैंड के खिलाफ करुण नायर के साथ फिर से खेलेंगे, वह टीम में शामिल हैं।
चेतेश्वर पुजारा, अजिंक्य रहाणे
उसी मैच में चेतेश्वर पुजारा ने पहली पारी में फिफ्टी जमाते हुए 57 रन बनाए थे लेकिन दूसरी पारी में वह बिना खाता खोले आउट हो गए। पुजारा रन आउट हुए थे। अब पुजारा भी टीम से बाहर चल रहे हैं। हालांकि उन्होंने अपने रिटायरमेंट की घोषणा नहीं की है। उसी मैच में अजिंक्य रहाणे भी खेल रहे थे। वह कप्तान थे क्योंकि कोहली चोट के कारण बाहर थे। पहली पारी में 46 रन बनाने वाले रहाणे ने दूसरी पारी में नाबाद 38 रन बनाए थे। उन्होंने भी रिटायरमेंट नहीं लिया है। आईपीएल में रहाणे केकेआर के कप्तान हैं।
रविचंद्रन अश्विन, ऋद्धिमान साहा
करुण नायर के साथ उस मुकाबले में रविचंद्रन अश्विन खेल रहे थे, उन्होंने पिछले साल ऑस्ट्रेलिया दौरे के बीच में ही संन्यास की घोषणा की थी। वह वापस भारत लौट आए थे। उनके अलावा विकेटकीपर बल्लेबाज ऋद्धिमान साहा भी करुण नायर के साथ खेल रहे थे, वह भी रिटायर हो गए हैं।
रविन्द्र जडेजा, कुलदीप यादव, उमेश यादव, भुवनेश्वर कुमार
निचले क्रम से चार प्लेयर्स करुण नायर के साथ आठ साल पहले खेल रहे थे। उनमें से रविन्द्र जडेजा एक बार फिर से खेलते हुए दिखाई देने वाले हैं। जडेजा के अलावा कुलदीप यादव भी टीम में मौजूद हैं। उनके अलावा उमेश यादव और भुवनेश्वर कुमार अब टीम से बाहर चल रहे हैं।
अब सिर्फ 3 खिलाड़ी टीम में मौजूद
ओवरऑल देखा जाए, तो आठ साल पहले नायर के साथ खेलने वाले तीन ही प्लेयर इस बार फिर से टीम में मौजूद हैं और प्लेइंग इलेवन का हिस्सा बन सकते हैं। केएल राहुल के अलावा रविन्द्र जडेजा और कुलदीप यादव ही उनके पुराने साथी हैं। बाकी सभी नए हैं, उनमें जसप्रीत बुमराह का नाम भी हैं।












Click it and Unblock the Notifications