India vs England Test Series 2024: कब, कहां खेला जाएगा भारत और इंग्लैंड के बीच पहला टेस्ट मैच
India vs England Test Series 2024: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने शुक्रवार को इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया है। टीम का ऐलान पहले दो टेस्ट मैचों के लिए किया गया है। इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज का पहला मैच 25 जनवरी से हैदराबाद के राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच भारतीय समयानुसार शाम 9:00 बजे से शुरू होगा।
भारत बनाम इंग्लैंड टेस्ट सीरीज फुल शेड्यूल
इंग्लैंड के खिलाफ 5 मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला 25 जनवरी से 29 जनवरी के बीच खेला जाएगा, जबकि दूसरा मुकाबला 2 फरवरी से 6 फरवरी के बीच खेला जाएगा। इसके अलावा तीसरा मुकाबला 15 फरवरी से 19 फरवरी के बीच और चौथा मैच 23 फरवरी से 27 फरवरी के बीच खेला जाएगा। दोनों टीमों के बीच सीरीज का अंतिम और पांचवां मैच 7 मार्च से शुरू होकर 11 मार्च के बीच खेला जाएगा।

टेस्ट सीरीज में उत्तर प्रदेश के विकेटकीपर-बल्लेबाज ध्रुव जुरेल को राष्ट्रीय टीम में पहली बार शामिल किया गया है और वह केएल राहुल और केएस भरत के बाद टीम में स्टंप के पीछे तीसरे विकल्प होंगे। इसके अलावा अनुभवी चेतेश्वर पुजारा और अजिंक्य रहाणे को टीम में चयन के लिए नजरअंदाज किया गया है, स्क्वाड से ईशान किशन भी गायब हैं।
टीम में अवेश खान को उप-कप्तान जसप्रित बुमरा के नेतृत्व वाले पेस अटैक में शामिल किया गया है। मोहम्मद सिराज और मुकेश कुमार अन्य तेज गेंदबाजी विकल्प हैं। भारत घरेलू परिस्थितियों में इंग्लैंड से बेहतर प्रदर्शन करने के लिए अपने स्पिन विभाग पर काफी हद तक निर्भर रहेगा और आर अश्विन, रवींद्र जड़ेजा और अक्षर पटेल को कवर देने के लिए कुलदीप यादव को चुना गया है।
टीम इंडिया फुल स्क्वाड
रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, यशस्वी जायसवाल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), केएस भरत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रविचंद्रन अश्विन, रविंद्र जड़ेजा, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, मुकेश कुमार, जसप्रीत बुमराह, आवेश खान।












Click it and Unblock the Notifications