Dhruv Jurel: मां ने बेची सोने की चेन...पिता ने उधार लिए पैसे, कौन हैं टेस्ट टीम में जगह बनाने वाले ध्रुव जुरेल
IND Vs ENG: बीसीसीआई (BCCI) ने इंग्लैंड के खिलाफ पहले दो टेस्ट मैचों के लिए टीम का ऐलान कर दिया है। भारतीय क्रिकेट टीम इस महीने के अंत में पांच मैचों की सीरीज में इंग्लैंड से भिड़ेगी। टेस्ट टीम में उत्तर प्रदेश के खिलाड़ी ध्रुव जुरेल का शामिल होना सुर्खियों में है। जुरेल ने अभी तक कोई टेस्ट मैच नहीं खेला है।
22 वर्षीय खिलाड़ी भारत ए टीम का हिस्सा थे, जिसने पिछले साल दिसंबर में अपने दक्षिण अफ्रीकी समकक्षों के खिलाफ दो मैच खेले थे। उन्होंने बेनोनी में दूसरे मैच में 69 रन बनाए थे और हाल ही में अलाप्पुझा में रणजी ट्रॉफी के पहले दौर के ग्रुप मैच में केरल के खिलाफ यूपी के लिए 63 रन बनाए थे। उन्हें टीम में तीसरे विकेटकीपर के रूप में चुना गया है।

बेहद प्रेरणादायक है ध्रुव जुरेल की कहानी
जुरेल, जिन्होंने पिछले साल विदर्भ के खिलाफ प्रथम श्रेणी में डेब्यू किया था, जुरेल ने अब तक घरेलू सर्किट में 15 मैचों में 46 की औसत से एक शतक और पांच अर्द्धशतक के साथ 790 रन बनाए हैं। ध्रुव जुरेल की कहानी बेहद प्रेरणादायक है। साधारण पृष्ठभूमि से आने वाले ध्रुव जुरेल ने आगे बढ़कर घरेलू सर्किट में अपना नाम कमाया।
माता-पिता को बिना बताए भरा फॉर्म
ध्रुव जुरेल ने दैनिक जागरण को बताया कि, 'मैं आर्मी स्कूल में पढ़ता था। छुट्टियों के दौरान मैंने आगरा के एकलव्य स्टेडियम में क्रिकेट कैंप में शामिल होने के बारे में सोचा। मैंने फॉर्म भर दिया, लेकिन अपने पिता को नहीं बताया। जब उन्हें पता चला, तो उन्होंने मुझे डांटा। हालांकि, उन्होंने रुपये उधार लिए। मुझे एक क्रिकेट बैट खरीदने के लिए 800 रुपये देने पड़े।
मां ने सोने की चेन बेचकर दिलाई किट
उन्होंने आगे बताया कि, 'जब मैंने उनसे कहा कि मुझे एक क्रिकेट किट की जरूरत है, तो पिताजी ने मुझसे पूछा कि इसकी कीमत कितनी होगी। मैंने उन्हें छह से सात हजार रुपये के बारे में बताया और उन्होंने मुझे खेलना बंद करने के लिए कहा। लेकिन मैं जिद पर अड़ा रहा और मैंने खुद को बाथरूम में लॉक कर लिया। तब मेरी मां ने अपनी सोने की चेन बेची और मुझे क्रिकेट किट लाकर दी।'
टीम में चयन होने पर भावुक हुआ पारिवार
जुरेल ने बताया कि, 'मेरे दोस्तों ने मुझे बताया कि मेरा चयन भारतीय टीम के लिए हो गया है। जब मैंने उन्हें बताया कि मेरा चयन हो गया है, तो उन्होंने मुझसे पूछा 'मुझे किस भारतीय टीम के लिए चुना गया है?' मैंने उनसे कहा कि रोहित भैया, विराट भैया वाली भारतीय टीम। यह सुनकर मेरा पूरा परिवार भावुक हो गया।'
इंग्लैंड के खिलाफ भारत की पहले 2 टेस्ट के लिए टीम
रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, यशस्वी जयसवाल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), केएस भरत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रविचंद्रन अश्विन, रवींद्र जड़ेजा, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, मुकेश कुमार, जसप्रित बुमराह (उपकप्तान), आवेश खान।












Click it and Unblock the Notifications