AFG vs NZ: अफगानिस्तान-न्यूजीलैंड टेस्ट के अंतिम दिन क्या होगा? एक विकल्प अब भी मौजूद
AFG vs NZ: अफगानिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच टेस्ट मैच के चार दिन समाप्त हो गए। बिना टॉस और गेंद डाले खेल रद्द होता चला गया। बारिश के बाद खराब आउटफील्ड को ठीक ही नहीं किया जा सका। ग्राउंड की खराब स्थिति के कारण बीसीसीआई की लगातार आलोचना हुई है, वो बात और है कि अफगान बोर्ड ने खुद यह मैदान चुना था।
अफगानिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच यह पहला ही टेस्ट मुकाबला था। अब तक दोनों टीमों ने एक बार भी टेस्ट नहीं खेला है और इस पर भी पानी फिर गया। टीमों के अलावा फैन्स को भी निराशा हुई है। पांचवें दिन का खेल होने की भी संभावना काफी कम ही दिख रही है।

पांचवें दिन फैन्स का मनोरंजन करने के लिए दोनों कप्तान कुछ कर सकते हैं। इसके लिए दोनों टीमों की एक-एक पारी को छोड़ देना होगा। अगर 90 ओवर डालने का पूरा समय मिलता है, तो ऐसा किया जा सकता है। दोनों टीमों को सीधा दूसरी पारी से ही खेलना होगा।
एमसीसी के नियमों में ऐसा है कि अगर कप्तान चाहे, तो किसी पारी को छोड़ सकता है। उसे समाप्त माना जाएगा। इस स्थिति में न्यूजीलैंड और अफगानिस्तान के कप्तान एक-एक पारी छोड़ने का फैसला ले सकते हैं। ऐसा होने पर मुकाबला आयोजित हो सकता है।
अगर कोई टीम दूसरी पारी से खेलती है और दूसरे सेशन तक पारी घोषित कर देती है, तो अंतिम सेशन तक मुकाबले में नतीजा भी आ सकता है। कीवी टीम की गेंदबाजी बेहतरीन है लेकिन डेढ़ से दो सेशन में वे अफगानिस्तान को शायद ही आउट कर पाए। अफगान टीम पहले खेलती है, तो पारी घोषित कर कीवी टीम को बुला सकती है।
न्यूजीलैंड की टीम अगर खेलती है, तो तूफानी बैटिंग कर उनको भी पारी घोषित करनी होगी। इसके अलावा अन्य कोई विकल्प नहीं है और मैच रद्द होना तय दिख रहा है। इससे पहले दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड के एक मैच में कप्तानों ने एक-एक पारी छोड़ दी थी। यह दो दशक पुरानी बात है। अगर कल भी बारिश आती है, तो बिना कोई गेंद डाले मैच समाप्त हो जाएगा। टेस्ट इतिहास में ऐसा पहले भी कई मौकों पर हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications