New Zealand ने वेस्टइंडीज को हराकर फाइनल में बनाई जगह, ट्रॉफी के लिए इस टीम से होगा सामना
West Indies Women vs New Zealand Women, 2nd Semi Final: शुक्रवार यानी 18 अक्तूबर को न्यूजीलैंड की महिला टीम ने वेस्टइंडीज के खिलाफ जीत हासिल की। दूसरे सेमीफाइनल मैच में न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 128 रन बनाए थे। जिसके जवाब में वेस्टइंडीज की महिला टीम 120 रन ही बना सकी और यह मुकाबला 8 रन से हार गई।
साउथ अफ्रीका से होगा फाइनल मैच
विमेंस टी-20 वर्ल्ड कप 2024 के दूसरे सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड ने जीत के साथ ही फाइनल में जगह पक्की कर ली है। इससे पहले साउथ अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर फाइनल में जगह बनाने में कामयाबी हासिल की थी। अब साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच विमेंस टी-20 वर्ल्ड कप 2024 का फाइनल मुकाबला रविवार को खेला जाएगा। दोनों टीमों की कोशिश ट्रॉफी जीतने की होगी।

ईडन कार्सन का दमदार प्रदर्शन
न्यूजीलैंड की इस जीत में ऑफ ब्रेक गेंदबाज ईडन कार्सन का अहम योगदान रहा। उन्होंने वेस्टइंडीज की महिला बल्लेबाजों को पिच पर टिकने का मौका नहीं दिया। ईडन कार्सन ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर के स्पेल में 29 रन देकर तीन विकेट झटके। ड्रिएंड्रा डॉटिन ने वेस्टइंडीज के लिए सबसे अधिक 33 रन बनाए। बाकी बल्लेबाजों ने अपने प्रदर्शन से निराश किया।
ड्रिएंड्रा डॉटिन ने झटके चार विकेट
ड्रिएंड्रा डॉटिन ने शानदार गेंदबाजी करते हुए अपने चार ओवर के स्पेल में महज 22 रन खर्च करते हुए 4 विकेट झटकने में कामयाबी हासिल की। न्यूजीलैंड की तरफ से सबसे अधिक 33 रन जॉर्जिया प्लिमर ने बनाए। वहीं, सूजी बेट्स ने 26 रन का योगदान दिया। कप्तान सोफी डिवाइन इस सेमीफाइनल मुकाबले में कुछ खास कमाल नहीं दिखा सकी।
वेस्टइंडीज की प्लेइंग इलेवन: हेले मैथ्यूज (कप्तान), कियाना जोसेफ, स्टैफनी टेलर, शेमाइन कैंपबेल (विकेटकीपर), डींड्रा डॉटिन, चिनेले हेनरी, ज़ैदा जेम्स, अश्मिनी मुनिसर, आलिया अल्लेने, अफ़ी फ्लेचर, करिश्मा रामहरैक।
न्यूजीलैंड की प्लेइंग इलेवन: सुजी बेट्स, जॉर्जिया प्लिमर, अमेलिया केर, सोफी डिवाइन (कप्तान), ब्रुक हॉलिडे, मैडी ग्रीन, इसाबेला गेज (विकेट कीपर), रोज़मेरी मैयर, ली ताहुहू, ईडन कार्सन, फ्रान जोनास।












Click it and Unblock the Notifications