वेस्टइंडीज के बाहर होने से चार टीमों को हुआ फायदा, जानें किसे मिलेगा भारत में World Cup खेलने का मौका
World Cup 2023: वर्ल्ड क्रिकेट में अपने प्रदर्शन से विरोधी टीमों के पसीने छुड़ा देने वाली वेस्टइंडीज (west indies) वर्ल्ड कप की रेस से बाहर हो चुकी है। स्कॉटलैंड (Scotland) के खिलाफ मिली हार के बाद वेस्टइंडीज का भारत आने का सपना टूट गया है। हालांकि, कैरेबियाई टीम के बाहर होने के बाद चार टीमों के पास वर्ल्ड कप में शामिल होने का मौका है।
दरअसल, जिम्बाब्वे (Zimbabwe) में हो रहे वर्ल्ड कप क्वालिफायर 2023 में वेस्टइंडीज का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। ग्रुप स्टेज में उन्हें आयरलैंड (Ireland) के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद जब टीम सुपर-6 में पहुंची तो यहां भी एक के बाद एक दो बार हार का सामना करना पड़ा। पहले नीदरलैंड (Netherlands) से फिर स्कॉटलैंड से शिकस्त मिली। इस हार के साथ ही विंडीज टीम टूर्नामेंट से बाहर हो गई।

चार टीमों के पास भारत में वर्ल्ड कप खेलने का मौका
शाई होप के नेतृत्व वाली टीम की हार ने जिन चार टीमों को वर्ल्ड कप खेलने का मौका दिया है, उनमें श्रीलंका, जिम्बाब्वे, स्कॉटलैड और नीदरलैंड शामिल हैं। इनमें से कोई दो टीम 5 अक्टूबर को होने वाले विश्व कप के लिए क्वालीफाई कर सकती हैं। श्रीलंका अगर आज, 2 जुलाई को जिंबाब्वे को हरा देती है तो विश्व कप के लिए क्वालीफाई करने वाली पहली टीम बन जाएगी।
दरअसल, सुपर सिक्स में श्रीलंका और जिम्बाब्वे के तीन-तीन मैचों में छह-छह अंक हैं, जबकि स्कॉटलैंड के तीन मैच में चार अंक हैं। जिम्बाब्वे को टूर्नामेंट में बने रहने के लिए अपने अंतिम मैच में स्कॉटलैंड को हराना होगा। वहीं अगर स्कॉटलैंड की टीम अपने बाकी दो मैच जीत लेती है, और श्रीलंका की टीम जिम्बाब्वे को हरा देती है तो स्कॉटलैंड की टीम क्वालीफाई कर जाएगी। फिलहाल, आज खेल जा रहे श्रीलंका और जिंबाब्वे के मैच के बाद कौन-सी दो टीमें भारत आएंगी ये और स्पष्ट हो जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications