WI vs ENG: 25 साल बाद वेस्टइंडीज ने अंग्रेजों को घर पर हराया, इंग्लैंड का शर्मनाक प्रदर्शन जारी
West Indies vs England, 3rd ODI Highlights: वनडे वर्ल्ड कप के बाद भी इंग्लैंड की टीम के प्रदर्शन में कुछ खास सुधार नहीं आया है। वर्ल्ड कप से पहले इंग्लैंड की टीम चैंपियन बनने की सबसे बड़ी दावेदार मानी जा रही थी। लेकिन भारत में वनडे वर्ल्ड कप के दौरान इंग्लैंड के खिलाड़ियों का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा। वर्ल्ड कप के बाद ऐसी उम्मीद जताई जा रही थी कि वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज में इंग्लैंड की टीम वापसी कर लेगी।
वेस्टइंडीज से मिली हार: तीन मैचों की वनडे सीरीज के आखिरी मुकाबले को वेस्टइंडीज ने अपने नाम किया। इस मैच को जीतने के साथ ही वेस्टइंडीज ने सीरीज पर भी कब्जा जमा लिया। वेस्टइंडीज की टीम ने इंग्लैंड को अपने घर पर 25 साल बाद वनडे सीरीज में हारने का कारनामा किया है। इससे पहले साल 1998 में वेस्टइंडीज ने इंग्लैंड को अपनी सरजमीं पर वनडे सीरीज में मात दी थी।

चार विकेट से जीता मैच: आखिरी मुकाबले में वेस्टइंडीज की टीम ने इंग्लैंड को चार विकेट से हराया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत खराब रही। इंग्लैंड की आधी टीम महज 49 रनों पर पेवेलियन लौट गई। बारिश होने के कारण मैच को छोटा किया गया। इंग्लैंड की टीम बेन डकेट और लियाम लिविंगस्टोन की परियों की बदौलत 40 ओवर में 206 रन बनाने में सफल रही। बेन डकेट ने टीम के लिए सबसे अधिक 71 रन बनाने का काम किया। इसके अलावा लियाम लिविंगस्टोन के बल्ले से भी 45 रन निकले।
कीसी कार्टी ने जड़ा अर्धशतक: बारिश के कारण इस मुकाबले को जीतने के लिए वेस्टइंडीज को 34 ओवर में 188 रन चाहिए थे। वेस्टइंडीज के सलामी बल्लेबाज एलिक अथानाज़े ने 45 रन बनाए। जबकि कीसी कार्टी ने भी अर्धशतक जड़ा। रोमारियो शेफर्ड ने तीन छक्के और तीन चौकों की बदौलत 41 रनों की पारी खेली और टीम को चार विकेट से जीत दिला दी। वेस्टइंडीज ने 31.4 ओवर में ही लक्ष्य को हासिल कर लिया। इन दोनों ही टीमों के बीच अब 5 मैचों की टी-20 सीरीज खेली जाएगी, जिसकी शुरुआत 12 दिसंबर से होने वाली है।
वेस्टइंडीज की प्लेइंग इलेवन: एलिक अथानाज़े, ब्रैंडन किंग, कीसी कार्टी, शाई होप (कप्तान और विकेटकीपर), शिम्रोन हेटमायर, शेरफेन रदरफोर्ड, रोमारियो शेफर्ड, यानिक कारिया, अल्ज़ारी जोसेफ, गुडाकेश मोती, मैथ्यू फोर्डे।
इंग्लैंड की प्लेइंग इलेवन: फिलिप साल्ट, विल जैक, जैक क्रॉली, बेन डकेट, हैरी ब्रुक, जोस बटलर (कप्तान और विकेटकीपर), लियाम लिविंगस्टोन, सैम कुरेन, रेहान अहमद, गस एटकिंसन, मैथ्यू पॉट्स।












Click it and Unblock the Notifications